
डेयरी के दूध वाहन सीसीटीवी, जीपीएस से लैस, पत्रिका फोटो
Smart Dairy Surveillance System: अलवर में सरस डेयरी के दूध टैंकरों में परिवहन के दौरान दूध में मिलावट और अन्य हेराफेरी करना अब आसान नहीं होगा। सरस डेयरी बोर्ड ने गड़बड़ियों को रोकने के लिए दूध परिवहन में लगे वाहनों में कैमरे और जीपीएस सिस्टम लगाना शुरू कर दिया है। अलवर शहर में प्रायोगिक तौर पर 6 वाहनों में CCTV कैमरे लगाए जा चुके हैं।
वहीं जल्द ही सभी दूध वाहनों को इस सिस्टम से लैस किया जाएगा। इन कैमरों के जरिए दूध भरने से लेकर गंतव्य तक पहुंचने तक की पूरी प्रक्रिया रिकॉर्ड होगी, जिससे हर चरण पर निगरानी संभव हो सकेगी।
जानकारी के अनुसार पिछले कुछ वर्षों में अलवर क्षेत्र में सरस डेयरी प्रबंधन को प्लांट में लाए जा रहे दूध में गड़बड़ी और हेराफेरी की शिकायतें की कई शिकायतें मिली थीं। जांच में भी अनियमितताओं के संकेत सामने आने के बाद डेयरी बोर्ड ने सख्त कदम उठाने का निर्णय लिया।
बोर्ड ने कैमरों के जरिए वाहनों की लाइव मॉनिटरिंग करने का फैसला लिया और अलवर में प्रथम चरण में 6 वाहनों में सीसीटीवी कैमरे और जीपीएस लगाकर लोकेशन और मूवमेंट की निगरानी शुरू की है। दूध परिवहन में लगे शेष सभी वाहनों को दूसरे चरण में सीसीटीवी कैमरे और जीपीएस सिस्टम से लैस करने की कार्य योजना तैयार की गई है।
दूध परिवहन करने वाले वाहनों की निगरानी के लिए सरस डेयरी कार्यालय में विशेष वाॅर रूम तैयार किया गया है। यहां कैमरों के जरिए वाहनों की लाइव मॉनिटरिंग की जाएगी। साथ ही, दूध टैंकरों पर जीपीएस सिस्टम के माध्यम से उनकी लोकेशन और मूवमेंट पर भी नजर रखी जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि इस व्यवस्था से उपभोक्ताओं तक शुद्ध और सुरक्षित दूध पहुंचाने में मदद मिलेगी और डेयरी पर लोगों का भरोसा और मजबूत होगा।
सरस डेयरी बोर्ड के अनुसार दूध टैंकरों की लाइव निगरानी से कलेक्शन सेंटर से लेकर डेयरी प्लांट तक दूध पहुंचने पर उसकी गुणवत्ता को मेंटेन रखना आसान हो जाएगा। हालांकि प्लांट में दूध लेने से पहले क्वालिटी कंट्रोल यूनिट में दूध के सैंपलों की जांच होती है। जिसके बाद ही दूध प्लांट में ट्रांसफर किया जाता है। दूध परिवहन वाहनों की लाइव मॉनिटरिंग से दूध की गुणवत्ता सही होने पर सरस प्रोडक्ट पर ग्राहकों का भरोसा बढ़ेगा।
हमारा उद्देश्य है कि किसान का दूध बिना किसी छेड़छाड़ के अलवर सरस प्लांट तक पहुंचे। प्रोडक्ट्स की क्वालिटी से कोई समझौता नहीं होगा।
-नितिन सांगवान, चेयरमैन, सरस डेयरी
Updated on:
01 Apr 2026 11:19 am
Published on:
01 Apr 2026 11:18 am
बड़ी खबरें
View Allअलवर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
