13 फ़रवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अलवर

दर्जनों गांव के लोगों ने देर रात ग्रिड सब स्टेशन पर दिया धरना, बोले… एक महीने से हैं परेशान

अलवर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में इन दिनों लोडशेडिंग के नाम से अघोषित विद्युत कटौती से त्रस्त परेशान ग्रामीणों के सब्र का बांध टूट गया।

Google source verification

मालाखेड़ा. अलवर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में इन दिनों लोडशेडिंग के नाम से अघोषित विद्युत कटौती से त्रस्त परेशान ग्रामीणों के सब्र का बांध टूट गया। वे देर रात्रि को उद्योग नगर स्थित विद्युत निगम के ग्रिड सब स्टेशन पर पहुंचे और विरोध प्रदर्शन कर मुख्य गेट के सामने ही धरने पर बैठ गए।

ग्रामीण क्षेत्र के लोगों ने बताया कि उनकी नींद हराम हो गई। वे धरना देने को मजबूर है। पसीना से तरबतर युवाओं में काफी आक्रोश देखा गया। उनका कहना था कि जिस जगह विद्युत सप्लाई हो रही है, वहां के लोग चैन की नींद ले रहे हैं, जबकि उनके क्षेत्र में बिजली कटौती से यहां आना पड़ा है। यह समस्या एक माह से चली आ रही है। ग्रामीण क्षेत्र में विद्युत कटौती से जल संकट भी बना हुआ है। निगम एक महीने से भी अधिक समय से लोडशेडिंग के नाम पर आए दिन रात को 33केवी की सप्लाई बंद कर दी जाती है।

6-7 घंटे काट रहे बिजली

केरवा जीएसएस से जुड़ेखेड़ली ग्राम पंचायत के गांव केरवा जाट में रात को 6 से 7 घंटे बिजली सप्लाई बंद की जाती है, जिससे बुजुर्ग, बच्चे व महिलाएं गर्मी में परेशान हैं। मच्छरों का हमला रहता है, जिससे पूरी रात जागते रहते हैं। विद्युत कटौती के चलते भीषण गर्मी और उमस से जहां लोगों की नींद पूरी नहीं हो रही, वहीं मच्छरों के काटने से बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है। जिससे परेशान होकर रात को जीएसएस एमआई एरिया पर रात 11 बजे दर्जनों गांव के युवाओं ने प्रदर्शन कर धरन दिया। विरोध प्रदर्शन को बढ़ते देख निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे और उन्होंने बिजली सप्लाई शुरू कराया। मौके पर मौजूद लोगों ने कहा कि धरना प्रदर्शन के बाद विद्युत सप्लाई शुरू की गई, तब वह लोड शेडिंग कहां चली गई। इसका मतलब है कि जानबूझकर ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को परेशान कर रहे हैं। उद्योग नगर क्षेत्र में फैक्ट्री में लगातार बिजली दी जा रही है। गांव की काटी जा रही है। बाबूलाल मीणा ने बताया कि एमआईए एरिया के एईएन से रात को बात हुई, तब उन्होंने सप्लाई चालू करवाई। पूरे फैक्ट्री एरिया में लाइट चालू थी। सभी रोड लाइट जल रही थी। पर गांव क्षेत्र के लोगों को पंखा चलाने के लिए लाइट सप्लाई नहीं करते हैं। इस मौके पर मनोज यादव, नसीब खान, विश्राम मीणा, महेश मीणा सहित गांव के युवक व खेड़ली सैयद, डाडा, ककराली जाट, नंगली राजावत, डाडा मेव, केरवा जाट सहित सभी गांव से जुड़े लोग मौजूद रहे। उधर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि इन दिनों बिजली-पानी का संकट पूरे प्रदेश में है।

…………………….

अघोषित विद्युत कटौती से परेशान हरसाना के ग्रामीणों ने सहायक अभियंता कार्यालय पर किया प्रदर्शन

लक्ष्मणगढ़. विद्युत निगम की ओर से की जा रही अघोषित विद्युत कटौती से परेशान हरसाना के दर्जनों ग्रामीणों ने सहायक अभियंता कार्यालय पहुंच कर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीण मुकेश पटेल ने बताया की विद्युत निगम लोडशेडिंग के नाम अघोषित विद्युत कटौती की जा रही है। 18 से 20 घंटे तक विद्युत कटौती की जा रही है। रात्रि के समय भी 8-10 घंटे की कटौती की जा रही है, जिससे इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी व उमस से लोगों का जीना मुहाल हो रहा है। कटौती के चलते लोग रातभर सो नहीं पा रहे। गर्मी के चलते बच्चे बीमार हो रहे हैं। अघोषित कटौती से परेशान हरसाना के ग्रामीण बुधवार की रात करीब 10 बजे सहायक अभियंता कार्यालय पहुंचे। विरोध प्रदर्शन कर सहायक अभियंता को समस्या के बारे में अवगत करवाकर कटौती करने पर नाराजगी प्रकट की। इस दौरान ग्रामीण बनवारी, हरलाल, महेश, दिनेश, सगरु, बनवारी सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे।