6 जून 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

दवा छिड़कते समय बेहोशी के बाद किसान की मौत, कीटनाशक छिड़कने से पहले क्या सावधानियां बरतें, यहां जानें

फसल में दवाई का छिड़काव कर घर लौटते समय किसान के मौत का मामला सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। मामला अलवर जिले के पिपान उपखंड गढ़ीसवाईराम कस्बे का है।

2 min read
Google source verification

अलवर

image

anant awdichya

Feb 02, 2024

farmer_dies_while_spraying_pesticides.jpg

अलवर। फसल में दवाई का छिड़काव कर घर लौटते समय किसान के मौत का मामला सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। मामला अलवर जिले के पिपान उपखंड गढ़ीसवाईराम कस्बे का है। बुधवार शाम खेत में कीटनाशक दवा छिड़क कर घर लौट रहे एक व्यक्ति की चक्कर आने से रास्ते में गडढे में गिरने से मौत हो गई। पुलिस के अनुसार 42 वर्षीय राधेश्याम बैरवा उर्फ लाला पुत्र पूरण निवासी गढ़ीसवाईराम खेत पर गेहूं की फसल में कीट नाशक दवा छिडक़ कर शाम को पैदल घर आ रहा था। रास्ते में उसे चक्कर आने लगे तो उसने फोन से तबीयत खराब होने की जानकारी अपने बड़े भाई जगदीश को दी।

बेहोशी के फौरन बाद तोड़ा दम

सूचना के बाद गढ़ीसवाईराम सरस डेयरी के नजदीक बन रहे एक निर्माणाधीन मकान की दीवार पर बैठ गया। चक्कर आ जाने से वह दीवार पर से मकान में बने गड्ढे में जा गिरा। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी पड़ोसियों ने परिजनों को तथा पुलिस थाना रैणी को दी। रैणी थानाअधिकारी राजेश मीना मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी लेकर ग्रामीणों की मदद से उसे गड्ढे़ से निकलवाया। मृतक गढ़ीसवाईराम निवासी राधेश्याम बैरवा के शव को रैणी मोर्चरी मे रखवाया। सुबह चिकित्सकों ने पोस्टमार्टम कर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। मृतक मकान चिनाई मिस्त्री का कार्य करता था और चार भाईयों में तीसरे नंबर का था। घटना की रिपोर्ट रैणी थाने में मृतक के बडे भाई जगदीश ने दी है। थाना अधिकारी राजेश मीना ने बताया कि घटना की जांच की जाएगी।

यह भी पढ़ें : Good News : किसानों के लिए आई खुशखबरी, बीमित किसानों को आज से मिलेगी फसल बीमा पॉलिसी

किसान कीटनाशक छिड़कते वक्त इन बातोें का रखें विशेष ध्यान

जैसा की हम सभी जानते हैं कि कीटनाशक में जिस रासायन का उपयोग किया जाता है उसमें अधिक मात्रा पॉइजन की होती है, इसलिए इसके उपयोग के समय किसानों को खास सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है।

जब आप इसका छिड़काव करने जाते हैं, तो आपको निम्मलिखित बातों को अवश्य ध्यान में रखना चाहिए :

1. कीटनाशक का छिड़काव करने से पहले हाथ और नाक दोनों को किट या सुरक्षित कपड़े से ढ़क लें।

2. छिड़काव के समय बीड़ी, सिगरेट, तंबाकू या अन्य चीजों को ना छूएं और इस बात का ध्यान रखें की खाली पेट स्प्रे ना करें।

3. छिड़काव करते समय हवा का भी ध्यान रखेें, ताकि कीटनाशक छिड़कते समय यह आपके चेहरे या शरीर ना गिरे।

4. कीटनाशक को सूंघने, चखने और स्पर्श करने का प्रयास बिल्कुल ना करें। गलती से आपका स्पर्श होता भी है तो इसे पानी से अच्छी तरह से धोकर ही शरीर के अन्य जगहों को स्पर्श करें।

5. छिड़कते समय या बाद में किसी प्रकार का शरीर पर प्रतिकूल प्रभाव हो तो तुरंत पास के अस्पताल में डॉक्टर को दिखाएं।

6. छिड़काव के बाद शरीर व कपड़ों को साबुन से अच्छी तरह साफ करें और बचे कीटनाशक को बच्चों से उचित दूरी पर रखें।