अलवर. जिले में धुलंडी के अगले दिन बुधवार को पुलिस की होली हुई। पुलिस लाइन से लेकर थानों तक होली का धमाल मचा रहा। पुलिस के अफसरों और जवानों ने जमकर होली खेली और एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगा गले लगकर होली की शुभकामनाएं दी। दोपहर बाद पुलिसकर्मी ड्यूटी पर लौट आए।
जिले में मंगलवार को आमजन की होली हुई। लोगों ने जमकर होली खेली। वहीं, पुलिस के अधिकारी और जवान कानून व्यवस्था संभालने के लिए ड्यूटी में तैनात रहे। अगले दिन बुधवार को पुलिसकर्मियों ने होली खेली। जिले में पुलिस की होली का मुख्य आयोजन पुलिस लाइन में रखा गया। वहां जिला पुलिस अधीक्षक आनंद शर्मा सहित तमाम पुलिस के अफसर पहुंचे। पुलिस अधीक्षक आनंद शर्मा ने सभी पुलिस अधिकारी और जवानों को होली की शुभकामनाएं दी। साथ ही पुलिस अधिकारी और जवानों ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर होली खेली। वहीं, डीजे पर फिल्मी गानों पर पुलिसकर्मियों ने जमकर ठुमके लगाए। होली खेलने और डीजे पर डांस करने में महिला पुलिसकर्मी भी पीछे नहीं रही।
इसके अलावा शहर कोतवाली, शिवाजी पार्क, अरावली विहार, एनईबी, एमआइए, बगड़ तिराहा, सदर और महिला थाने में पुलिसकर्मियों ने जमकर होली खेली। सभी थानों में रंग-गुलाल उड़ाकर होली का त्योहार मनाया। थानों में पुलिसकर्मी डीजे पर कई घंटे तक डांस करते रहे। होली के दौरान पुलिस लाइन और थानों में पुलिसकर्मियों के लिए खानपान की व्यवस्था भी की गई।