8 जुलाई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Alwar: अलवर में झमाझम, गर्मी को धो डाला… अभी एक सप्ताह तक जारी रह सकता है बारिश का दौर

अलवर जिले में मानसून के प्रवेश के बाद पहली तेज बारिश हो रही है। सुबह से ही बारिश का दौर शुरू हुआ जो झमाझम में बदल गया। सड़कों पर पानी भर गया और लोगों को उमसभरी गर्मी से निजात मिली।
2 min read
Google source verification

अलवर

image

Umesh Sharma

Jul 08, 2026

heavy rain

बारिश के बाद सड़क नदी बन गई

उमसभरी गर्मी से जूझ रहे अलवरवासियों के बुधवार की सुबह सुहाना मौसम लेकर आई। रिमझिम बारिश से शुरू हुआ बारिश का दौर सुबह 10 बजे तेज झमाझम में बदल गया। तेज बारिश से हर कोई खुश नजर आया। गर्मी काफूर हो गई और मौसम सुहाना हो गया। मौसम विभाग ने आने वाले एक सप्ताह तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है।
अलवर शहर में मंगलवार दोपहर बाद से रुक-रुककर बारिश का दौर शुरू हो गया था, लेकिन गति कम होने की वजह से उमस बरकरार रही। इसके बाद बुधवार सुबह हल्की बौछारें पड़ी और धीरे-धीरे बारिश की गति बढ़ती गई। सुबह 10 बजे के बाद झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया। करीब एक घंटे तक तेज बारिश ने शहर को तर कर दिया। इसके बाद भी बारिश का दौर जारी है।

सड़कों पर ​नजर आए युवा

बारिश के साथ ही युवा मोटरसाइकिल पर सड़कों पर निकले और बारिश में भीगने का आनंद लिया। कई लोगों ने घरों की छतों पर बारिश में भीगकर गर्मी को छूमं​तर किया। शहर की चाट पकौड़ी की दुकानों पर लोगों की भीड़ नजर आई। कार्यालय समय में बारिश आने की वजह से लोगों को दफ्तर पहुंचने में देरी हो गई।

कई जगह भरा पानी, खुली इंतजामों की पोल

बारिश ने नगर निगम और यूआइटी के बारिश के इंतजामों की पोल खोल दी। सड़कों पर पानी भर गया। नाला सफाई सही तरीके से नहीं होने के कारण कचरा सड़कों पर बह निकला। शहर में सीवर लाइन डालने के लिए सड़कों को खोदा गया था, लेकिन उन्हें सुधारा नहीं गया जिसकी वजह से लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। हर बार की तरह गायत्री मंदिर रोड, बस स्टैंड रोड, अग्रसेन सर्किल सहित शहर के कई इलाकों में सड़कें डूबी नजर आईं।

10 दिन से तेज गर्मी का दौर

अलवर में मानसून का प्रवेश 2 जुलाई को हो गया था, लेकिन तेज बारिश का लोगों को इंतजार था। पिछले दस दिनों से उमसभरी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया था। हालत यह थी कि पंखे, कूलर और एसी भी लोगों को गर्मी से निजात नहीं दिला पाए। अब बारिश ने गर्मी से राहत दिलाई है, जिसके बाद लोग सुकून में नजर आए।