
राजस्थान में यहां पुलिस-प्रशासन के सामने व्यक्ति ने खुद को लगाई आग, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
अलवर जिले के मालाखेड़ा तहसील क्षेत्र के चांद पहाड़ी में सोमवार को एक व्यक्ति ने पुलिस-प्रशासन की मौजूदगी में पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह का प्रयास किया। आग लगने से युवक गंभीर रूप से झुलस गया। झुलसे युवक को गंभीर हालत में सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे जयपुर रैफर कर दिया गया। मालाखेड़ा क्षेत्र में पुलिस व प्रशासन की टीम गैर खातेदारी की भूमि पर बसे परिवार के अतिक्रमण को हटाने पहुंची थी। परिवार ने इसका विरोध किया। समझाइश के दौरान करण सिंह पुत्र मंगतूराम ने पहले अपनी झोपड़ी फिर अपने ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। पीड़ित के पिता ने पुलिसकर्मियों पर आग लगाने का आरोप लगाया है।
सरकारी जमीन पर कब्जा हटाने पहुंचे थे पुलिस-प्रशासन : मालाखेड़ा क्षेत्र के चांदपहाड़ी गांव में 15 बीघा सरकारी जमीन पर कन्हैया लाल और मंगतूराम के बीच न्यायालय में मामला चल रहा था। इसके बाद न्यायालय ने कन्हैया लाल के पक्ष में फैसला दिया और पुलिस व प्रशासन को जमीन से अतिक्रमण हटवाने के आदेश दिए। जिस पर सोमवार को थाना अधिकारी राजेश कुमार मीणा , तहसीलदार दिनेश कुमार यादव, पटवारी, कानूनगो उपखंड अधिकारी मालाखेड़ा मौके पर पहुंचे। इसके विरोध में मंगतूराम के बेटे करण सिंह गुर्जर ने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। यह देख पुलिस व प्रशासन की टीम में हड़कंप मच गया। तुरंत कपड़ा व मिट्टी डालकर उसके शरीर पर लगी आग को बुझाई गई। इस दौरान वह 60 प्रतिशत से ज्यादा झुलस गया। घायल को राजीव गांधी सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया जहां से उसे जयपुर रैफर किया गया। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम, एडीएम सिटी ओपी सहारण, मालाखेड़ा एसडीएम सहित सभी प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे।
पिता ने कहा- 50 वर्षों से रह रहा परिवार
आग लगने से झुलसे करण गुर्जर के पिता मंगतू राम का कहना है कि वह 50 से अधिक वर्षों से यहां पर रह रहे हैं और खेतीबाड़ी करते हैं। जिसे आवंटित हुआ वह गैर खातेदार है। पीड़ित के पिता ने प्रशासन पर मिलीभगत से कार्रवाई करने और उनके बेटे के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है।
कोर्ट के आदेशों की पालना के क्रम में मौके पर पहुंचे थे। कार्रवाई शुरू होने से पूर्व ही व्यक्ति ने आत्मदाह का प्रयास किया। हमारी पहली प्राथमिकता उसकी जान बचाना है। राजकार्य में बाधा डालने वाले अतिक्रमणकारियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
अनुराग हरित, उपखंड अधिकारी, मालाखेड़ा
Published on:
17 Jun 2022, 5:42 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.