मिनी सचिवालय में पानी आपूर्ति की समीक्षा बैठक लेने जलदाय मंत्री कन्हैयालाल पहुंचे थे। शनिवार की सुबह नौ बजे से ही शहर के अखैपुरा व किसना का कुआं की दर्जनों महिलाएं व कुछ पुरुष मंत्री को पीड़ा बताने पहुंचे थे। बैठक शुरू होने से पहले लोगों की मुलाकात मंत्री से नहीं हो पाई। कुछ अधिकारियों ने लोगों को समस्या समाधान का आश्वासन देकर भेजने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माने। करीब चार घंटे तक लोग मिनी सचिवालय में ही मंत्री का इंतजार करते रहे। जैसे ही दोपहर में बैठक खत्म कर जलदाय मंत्री लौटे तो सीढि़यों के पास ही लोगों ने उन्हें पानी की समस्या बतानी शुरू कर दी।