
डाक विभाग के आधे से ज्यादा आधार केंद्र बंद, कहीं मशीन नहीं तो कहीं स्टाफ नहीं,डाक विभाग के आधे से ज्यादा आधार केंद्र बंद, कहीं मशीन नहीं तो कहीं स्टाफ नहीं
ऐसे में अभिभावक घंटों तक इंतजार के बाद भी खाली हाथ लौट रहे हैं। आरटीई में आवेदन के लिए भी आधार कार्ड अनिवार्य किया हुआ हैं।
अलवर जिले में अभी तक 4227160 लोगों के आधार कार्ड बनाए जा चुके हैं। सूचना प्रौद्योगिकी विभाग की ओर से 110 आधार केंद्र और 50 से अधिक बाल आधार केंद्र संचालित है।
राजस्थान पत्रिका की टीम ने शनिवार को शहर के आधार केंद्रों के हालात जाने तो ज्यादातर आधार केंद्रों में अव्यवस्थाएं नजर आई। लोग बच्चों का आधार कार्ड बनवाने के लिए चक्कर काट रहे थे।
डाक विभाग के आधार केंद्रों पर कहीं कर्मचारी नहीं थे तो कहीं मशीन नहीं मिली। इसी तरह से सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के आधार केंद्र शनिवार के राजकीय अवकाश के चलते बंद मिले।
मशीन खराब तो अटक गया काम, लोग हुए परेशान
अटटा मंदिर मुख्य पोस्ट ऑफिस में सुबह से ही आधार कार्ड बनवाने के लिए कतार लगी हुई थी। इसी दौरान यहां आधार बनाने वाली मशीन खराब हो गई। ऐसे में दुसरे पोस्ट ऑफिस से मशीन मंगवाकर काम शुरू किया गया। यहां सुबह से ही लंबी कतार लगी हुई थी, जिसके चलते लंच के बाद भी आधार कार्ड बनाए जा रहे थे।
यहां बच्चे का आधार कार्ड बनवाने आए विष्णु शर्मा ने बताया कि बच्चे का स्कूल में प्रवेश कराना है। चार दिनों से आधार कार्ड बनवाने के लिए चक्कर काट रहा हूं। आज मुश्किल से बना हैं।
समय से पहले ही बंद हो गया आधार केंद्र
मोतीडूंगरी नयाबास चौराहा पर दोपहर बारह बजे बाद ही आधार कार्ड बनाने का काम बंद कर दिया गया। यहां लोग वापस लौट रहे थे। लंच के बाद भी यहां काम शुरू नहीं हो पाया। पोस्ट मास्टर ने बताया कि शनिवार के चलते केंद्र जल्दी बंद कर दिया गया।
यहां आधार कार्ड बनवाने आई महिला ने बताया कि चार दिन से यहां आधार कार्ड बनवाने के लिए चक्कर काट रहे हैं लेकिन दस्तावेज की पूर्ति के लिए बार बार परेशान किया जा रहा है इसलिए बच्चे के स्कूल प्रवेश में भी देरी हो रही है।
यहां स्टाफ भी नहीं, मशीन ही बंद
इसके अलावा मनुमार्ग, मालाखेडा बाजार,सचिवालय, देहली दरवाजा, त्रिपोलिया पोस्ट ऑफिस में आधार कार्ड नहीं बनाए जा रहे थे। ज्यादातर में आधार बनाने के लिए स्टाफ नियुक्त नहीं किया गया। मशीन भी बंद पड़ी हुई थी।
----
पोस्ट ऑफिसों में छोटे बच्चों व बड़ो के लिए आधार कार्ड बनाए जा रहे हैं। सभी पोस्ट ऑफिसों में मशीन उपलब्ध कराई गई है। कुछ जगह पर स्टाफ की आईडी नहीं बन पाई है। इसके चलतेे काम बंद है।
जब्बार खान, प्रवर अधीक्षक, डाक विभाग, अलवर।
Published on:
02 Apr 2023 12:29 pm
बड़ी खबरें
View Allअलवर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
