गोविन्दगढ़. पंचायत समिति सभागार में साधारण सभा का आयोजन बुधवार को किया जाना था, लेकिन कोरमपूर्ति के अभाव में साधारण सभा को प्रधान ने स्थगित कर दिया। पंचायत समिति से प्राप्त जानकारी के अनुसार साधारण सभा में महज पांच पंचायत समिति सदस्य ही पहुंचे थे, जिनमें से एक सदस्य हस्ताक्षर करने के बाद वापस लौट गईं थीं।
पंचायत समिति की साधारण सभा सुबह 11:00 बजे शुरू होनी थी। प्रधान, तहसीलदार, विकास अधिकारी सहित अन्य विभागों के कर्मचारी भी साधारण सभा शुरू होने का इंतजार करते रहे, लेकिन दोपहर 12 तक भी सदस्य नहीं पहुंचे तो पंचायत समिति के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें फोन पर साधारण सभा में उपस्थित होने के लिए आमंत्रित किया, लेकिन सदस्यों का आरोप था कि उन्हें साधारण सभा में आने की पहले सूचना ही नहीं मिली थी। कईयों का कहना था कि उन्हें सूचना बुधवार दोपहर 12 बजे दी गई।
ये बिंदु थे शामिल
पंचायतराज विभाग की ओर से पौधरोपण का अभियान चलाना है, जिसका प्रस्ताव साधारण सभा में पास करवाना था। जिसके चलते साधारण सभा का आयोजन मुख्य रूप से करवाया गया, लेकिन कोरम पूर्ति न होने चलते बैठक में पौधरोपण का प्रस्ताव पास नहीं हो सका।
ट्रांसफर हुए अधिकारी कर्मचारियों को रिलीव न करने पर आमने-सामने हुए प्रधान-वीडियो
पंचायत समिति की साधारण सभा स्थगित करने की घोषणा के बाद प्रधान की ओर से विकास अधिकारी से राज्य सरकार की ओर से स्थानांतरण हुए अतिरिक्त विकास अधिकारी, एलडीसी, ग्राम विकास अधिकारी को रिलीव करने के लिए जानकारी चाहने के मामले को लेकर विकास अधिकारी व प्रधान आमने-सामने हो गए। ब्लॉक के सभी आधिकारिक-कर्मचारियों की मौजूदगी में लगभग 10 मिनट तक दोनों में वाद-विवाद चलता रहा।
ये बोले जनप्रतिनिधि
सूचना आज ही आई
मेरे पास आज ही सुबह सूचना आई थी। पंचायत समिति के अधिकारी की ओर से हमें साधारण सभा की सूचना ही नहीं दी जाती।
कुलदीप सिंह पंचायत समिति सदस्य, मालपुर।
……………..
साधारण सभा की सूचना नहीं आई थी
पहली बात तो हमारे पास साधारण सभा की सूचना नहीं आई थी। दूसरा साधारण सभा में जाने से कोई फायदा नहीं। वहां पर अधिकारी जाते ही हस्ताक्षर करवा लेते हैं। हमारी ओर से जो मुद्दे उठाए जाते हैं, उन पर कोई विचार-विमर्श नहीं किया जाता। हमें यह बताया जाता है कि हमारी ओर से पूर्व की साधारण सभा में जो मुद्दे उठाए गए थे, उन पर क्या कार्रवाई हुई। यहां तक की अतिरिक्त विकास अधिकारी तो वहां पर पंचायत समिति सदस्यों को बोलने से रोकते हैं, जिन पर भी अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
यसीबाला पंचायत समिति सदस्य, रामवास।
………………
सदस्यों को जानकारी नहीं दी
विकास अधिकारी और अन्य कर्मचारियों ने पंचायत समिति सदस्यों को जानकारी नहीं दी। सुबह 11 बाद जब सभी अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे तो अतिरिक्त विकास अधिकारी बैठक में बैठकर पंचायत समिति सदस्यों को बुलाने के लिए कॉल कर रहे थे। विकास अधिकारी पर साधारण सभा को मजाक बनाने का आरोप लगाया। सदस्य नहीं पहुंचने के कारण कोरम पूर्ति न हो सकी और बैठक स्थगित करनी पड़ी।
रसनम बाई, प्रधान पंचायत समिति गोविंदगढ़।
…………………..
सभी सदस्यों को सूचना देने के लिए पाबंद किया था
कोरम के अभाव में साधारण सभा को प्रधान ने स्थगित किया था। हमने ग्राम विकास अधिकारियों को सभी सदस्यों को सूचना देने के लिए पाबंद किया था। उनके ग्रुप में भी डाला गया था। जल्द ही फिर से साधारण सभा का आयोजन किया जाएगा।
बच्चूसिंह मीणा, विकास अधिकारी, गोविंदगढ़।
……………………