3 अप्रैल 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

ताला ठीक करने के बहाने 5 तोला सोना और नकदी ले उड़े शातिर चोर

राजस्थान के अलवर शहर में शातिर ठगों और चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब वे घरों में घुसकर दिनदहाड़े वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।

2 min read
Google source verification

राजस्थान के अलवर शहर में शातिर ठगों और चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब वे घरों में घुसकर दिनदहाड़े वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। अरावली विहार थाना क्षेत्र के मोती नगर में एक ऐसा ही मामला सामने आया है, जहाँ ताला ठीक करने के बहाने आए दो युवकों ने एक पूर्व सैनिक के घर से करीब 5 तोला सोने के जेवरात और 10 हजार रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। ठग इतने शातिर थे कि उन्होंने महिला को झांसे में रखकर अलमारी न खोलने की हिदायत दी और मौके से फरार हो गए।

ऐसे दिया वारदात को अंजाम

पीड़ित पूर्व सैनिक महेश पुत्र मुंशी राम ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि एक युवक गली में ताले ठीक करने की आवाज लगाते हुए फेरी लगा रहा था। उनकी पत्नी सुनीता ने घर की अलमारी का लॉक खराब होने के कारण उसे ठीक करवाने के लिए बुला लिया। इसके बाद उस युवक ने पहले अलमारी देखा और फिर बहाना बनाया कि लॉक की पत्तियां खराब हैं, जिन्हें बदलने के लिए कुछ विशेष औजारों की जरूरत पड़ेगी। वह औजार लाने के बहाने वहां से गया और करीब एक घंटे बाद अपने एक अन्य साथी को साथ लेकर वापस लौटा।

अलमारी नहीं खोलने की दी हिदायत

दोनों युवकों ने काफी देर तक अलमारी का ताला ठीक करने का नाटक किया। इसी बीच अलमारी में रखे कीमती जेवरात निकाल लिए। चोरी किए गए सामान में सोने का हार, झुमकी, कुंडल सहित अन्य चीजें शामिल थी। वारदात को अंजाम देने के बाद उन्होंने बड़े आत्मविश्वास से महिला से कहा कि लॉक में अभी तेल डाला गया है, इसलिए इसे अभी मत खोलना। उन्होंने झांसा दिया कि वे अगले दिन आकर इसे चेक करेंगे और वहां से रफूचक्कर हो गए।

ऐसे पता चला चोरी का

युवकों के जाने के बाद घर की महिला जब सुंदरकांड का पाठ करने के लिए बैठी, तो उन्हें चोरों की 'ताला न खोलने' वाली बात पर अचानक संदेह हुआ। शक होने पर जब उन्होंने अलमारी खोलकर देखी तो उनके होश उड़ गए। अलमारी के अंदर से सारे जेवरात और 10 हजार रुपये गायब थे। ठगे जाने का अहसास होते ही परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

पीड़ित परिवार के पास आरोपियों में से एक युवक की फोटो उपलब्ध थी, जिसे पुलिस को सौंप दिया गया है। अरावली विहार थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फोटो के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है ताकि इन शातिर चोरों का सुराग लगाया जा सके।