6 मई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

पुलिस को देख पपला ने अपनी गर्लफ्रेंड के गर्दन पर रख दिया था चाकू, स्पेशल टीम ने 10 मिनट में ‘ऑपरेशन पपला’ को दिया अंजाम

Operation Papla: पपला गुर्जर को पकड़ने के लिए राजस्थान पुलिस ने 10 मिनट में ऑपरेशन को अंजाम दिया।

2 min read
Google source verification

अलवर

image

Lubhavan Joshi

Jan 30, 2021

Papla Gujjar Update: Inside Story Of Papla Gujjar

पुलिस को देख पपला ने अपनी गर्लफ्रेंड के गर्दन पर रख दिया था चाकू, स्पेशल टीम ने 10 मिनट में 'ऑपरेशन पपला' को दिया अंजाम

अलवर. गैंगस्टर विक्रम उर्फ पपला गुर्जर को पकडऩे से पूर्व राजस्थान पुलिस ने जबरदस्त होमवर्क किया। ताकि कोई चूक न रह जाए। राजस्थान पुलिस की टीम ने मजबूत रणनीति के साथ पपला पर धावा बोला और मात्र 10 मिनट में ‘ऑपरेशन पपला’ को अंजाम तक पहुंचा दिया।

हालांकि राजस्थान पुलिस को करीब 25 दिन पहले ही पपला के कोल्हापुर में बारे में अहम सुराग हाथ लग गए थे। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सिद्धांत शर्मा के नेतृत्व में चुनिंदा पुलिसकर्मी और कंमाडो की टीम तैयार की गई। इसके बाद पुलिस टीम महाराष्ट्र के कोल्हापुर पहुंची। टीम में शामिल सभी पुलिसकर्मियों को पपला की तलाश में अलग-अलग टास्क दिए गए। टीम के कई पुलिसकर्मियों ने दाढ़ी बढ़ाते हुए अपने हुलिया में बदलाव किया।

पपला की महिला मित्र और मकान मालिक का पता लगाने के लिए कुछ पुलिसकर्मियों ने कोल्हापुर के हेल्थ क्लब में जाकर जिम ज्वाइन की तथा कुछ पुलिसकर्मियों ने स्टूडेंट और बैंक कर्मचारी बन किराए के मकानों में तलाश की। वहीं, कुछ पुलिसकर्मियों ने मेडिकल टीम बनकर कोरोना की जांच के बहाने पपला के बारे में पड़ताल की। वहां से पुलिस को पपला की महिला मित्र और मकान मालिक के बारे में सुराग लगे। जिसके जरिए पुलिस पपला तक पहुंच सकी।

ऑपरेशन से पहले मकान का मॉडल बनाया

पपला जिस मकान में किराए पर रह रहा था। पुलिस टीम वहां तक पहुंची, लेकिन तब तक पुलिस को यह नहीं पता था कि पपला मकान की कौनसी मंजिल पर रह रहा है। मकान देखने और मेडिकल टीम के बहाने पुलिस वहां पहुंची। वहां दूसरी मंजिल पर एक कमरे में सामान पड़ा हुआ था। उसके सामने वाले पोर्शन का कमरा बंद था तथा उसके बाद लेडीज और जेंट्स चप्पलें खुली हुई थी। जिससे पुलिस यह कंफर्म हो गई कि पपला अपनी महिला मित्र के साथ इसी पोर्शन में रह रहा है। इसी तरह मकान की कई बार रैकी पर पुलिस ने उसका पूरा मॉडल तैयार कर दबिश दी।

पपला बाहर निकला तो अंदेशा यकीन में बदला

गत 27 जनवरी की रात राजस्थान पुलिस की टीम ने उस मकान को चारों तरफ से घेर लिया था, जिसमें पपला रह रहा था। लेकिन तब तक पुलिस टीम 100 प्रतिशत कंफर्म नहीं थी कि पपला इसी मकान में है। रात करीब 3 बजे पुलिस टीम की हलचल की आवाज सुनकर पपला अपने कमरे से बाहर आया। उसे देख जैसे ही पुलिस टीम ने फायरिंग पॉजिशन ली तो वह तुरंत अंदर अपने कमरे में भाग गया और दरवाजा बंद कर लिया। इससे पुलिस का अंदेशा यकीन में बदल गया। कमरे से बाहर आकर उसने अपनी महिला मित्र जिया उस सहर की गर्दन पर चाकू रखा और पुलिस से बोला की पीछे हट जाओ, लेकिन उसकी धमकी का पुलिस टीम पर कोई असर नहीं पड़ा।

10 मिनट में दबोचा 5 लाख का इनामी

पुलिस को देख 5 लाख का इनामी पपला अपने किराए के पोर्शन के पीछे की बालकनी की तरफ भागा और वहां से उसने भागने के लिए छलांग लगाई, जिससे उसके हाथ और पैर में चोट लगी। वहां अलवर के अरावली विहार एसएचओ जहीर अब्बास के नेतृत्व में अलवर और भिवाड़ी पुलिस की टीम पहले से मौजूद थी। पपला जैसे ही नीचे कूदा तो पुलिस टीम ने तुरंत उसे दबोच लिया। इस ऑपरेशन में पुलिस को मात्र 10 मिनट लगे।