
अलवर। राजस्थान के सरिस्का टाइगर रिजर्व (Sariska Tiger Reserve) से एक और खुशखबर आई है। यहां गुरुवार को 5 शावक कैमरे में ट्रैप हुए हैं। इनमें से चार शावक बाघिन एसटी-22 के हैं और एक शावक बाघिन एसटी-12 का है। वर्ष 2008 से अब तक सरिस्का के इतिहास में दूसरी बार किसी बाघिन ने एक साथ चार शावकों को जन्म दिया है।
चार वर्षीय एसटी-22 तालवृक्ष रेंज में निवास करती है। इसके साथ चार शावकों की तस्वीर सरिस्का में लगे कैमरे में कैद हुई है। शावकों की उम्र तीन माह है। बाघिन एसटी-22 पहली बार मां बनी है। यह एसटी 10 की बेटी है।
इसी तरह बाघिन एसटी-12 मार्च में 3 शावकों के साथ कैमरे में ट्रैप हुई थी। उसका चौथा शावक अब कैमरे में दिखा है। इसकी आयु करीब साढ़े चार माह है। एसटी-12 की उम्र 10 साल है। यह तीसरी बार मां बनी है। इस तरह ये पांच शावक गुरुवार को सरिस्का में देखे गए। पांचों शावक स्वस्थ हैं। उल्लेखनीय है कि एक दिन पूर्व ही सरिस्का के टहला रेंज में बाघिन एसटी-27 अपने दो शावकों के साथ नजर आई थी।
सरिस्का टाइगर रिजर्व में लगातार बाघों का कुनबा बढ़ने पर वन मंत्री संजय शर्मा ने खुशी जताई है। वन मंत्री ने सोशल साइट एक्स पर शावकों की फोटो पोस्ट करते हुए लिखा कि सरिस्का में बेबी बूम! अब बाघों की संख्या 40 पहुंची। बाघिन एसटी22 ने 4 शावकों को जन्म दिया। साल 2008 के बाद सरिस्का के इतिहास में एसटी12 के बाद दूसरी बार एक बाघिन को 4 शावकों के साथ कैमरे में कैद किया गया।
बता दें कि साल 2005 में सरिस्का टाइगर रिजर्व बाघ विहीन हो गया था। लेकिन, 2015-16 के बाद से यहां लगातार बाघों का कुनबा बढ़ता जा रहा है। पिछले 3 माह में 10 शावक कैमरे में ट्रैप हुए हैं। ऐसे में अब सरिस्का में बाघों की संख्या 40 हो गई है। जिनमें 11 बाघ, 14 बाघिन व 15 शावक है।
Published on:
31 May 2024 08:27 am
बड़ी खबरें
View Allअलवर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
