
राजस्थान पुलिस उप निरीक्षक (SI) भर्ती परीक्षा का आयोजन 5 और 6 अप्रैल 2026 को होने जा रहा है। अलवर जिले में इस परीक्षा को लेकर प्रशासन और पुलिस विभाग ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। दो पारियों में आयोजित होने वाली इस महत्वपूर्ण परीक्षा के लिए जिले में कुल 64 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां सुरक्षा और सुचारू संचालन के लिए 450 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।
अलवर पुलिस अधीक्षक (SP) सुधीर चौधरी ने बताया कि परीक्षा को पारदर्शी और नकल मुक्त बनाने के लिए कड़े कदम उठाए गए हैं। इस बार एसओजी (SOG) ने घोषणा की है कि यदि कोई व्यक्ति नकल गिरोह या डमी अभ्यर्थियों के संबंध में सही सूचना देता है, तो उसे 1 लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा।
इस संबंध में किसी प्रकार की सूचना मोबाइल नंबर 9829934822 पर दे सकते हैं। इसके अलावा निकटतम पुलिस थाना जिला अलवर अथवा हेल्पलाइन नंबर 100 पर दें सकते है एंव एसओजी के व्हाट्सअप हेल्पलाईन नम्बर 9530429258 पर मैसेज के जरिये दी जा सकती है। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
परीक्षा के सफल आयोजन के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रियंका को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। उनकी सहायता के लिए डीएसपी, पुलिस निरीक्षक और उप निरीक्षकों की एक बड़ी टीम तैनात रहेगी। एसपी सुधीर चौधरी के अनुसार, प्रत्येक पारी में लगभग 18,018 अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। परीक्षा केंद्रों पर जैमर लगाए गए हैं ताकि किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण का उपयोग न हो सके। विशेष बात यह है कि ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों को भी परीक्षा केंद्र के भीतर मोबाइल ले जाने की अनुमति नहीं दी गई है।
अभ्यर्थियों के लिए गाइडलाइंस जारी की हैं, जिनका पालन करना अनिवार्य है।
प्रवेश का समय: अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम 1 घंटा पहले केंद्र पर पहुंचना होगा। देरी से आने वालों को किसी भी सूरत में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
अनिवार्य दस्तावेज: परीक्षा केंद्र पर अपना एडमिट कार्ड और एक वैध मूल फोटो आईडी कार्ड साथ लाना अनिवार्य है।
बायोमैट्रिक अनिवार्य: सभी अभ्यर्थियों का बायोमेट्रिक मिलान करने के बाद ही उन्हें प्रवेश दिया जाएगा।
परीक्षा में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोकने के लिए सख्त ड्रेस कोड लागू किया गया है:
पुरुष अभ्यर्थी: आधी आस्तीन की शर्ट या टी-शर्ट, पेंट या पायजामा और हवाई चप्पल/स्लीपर पहनकर आएंगे। जूते पहनकर आने की अनुमति नहीं है।
महिला अभ्यर्थी: सलवार सूट या साड़ी, आधी आस्तीन का कुर्ता या ब्लाउज और हवाई चप्पल पहनकर आएंगी। बालों में केवल साधारण रबर बैंड की अनुमति होगी। गहनों में केवल लाख या कांच की पतली चूड़ियों की छूट है, अन्य किसी भी प्रकार के जेवरात वर्जित हैं।
वर्जित वस्तुएं: घड़ी, धूप का चश्मा, बेल्ट, हैंड बैग, हेयर पिन, ताबीज, कैप, स्कार्फ या शॉल पहनकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा।
Updated on:
03 Apr 2026 03:57 pm
Published on:
03 Apr 2026 03:56 pm
बड़ी खबरें
View Allअलवर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
