
भ्रष्टाचार में पुलिस से भी दो कदम आगे राजस्व विभाग
- बिजली निगम, नगर परिषद, यूआईटी और परिवहन विभाग भी भ्रष्टाचार में पीछे नहीं
अलवर. आम धारणा है कि पुलिस सबसे ज्यादा भ्रष्ट होती है, लेकिन हकीकत में ऐसा नहीं है। भ्रष्टाचार के मामले में राजस्व विभाग पुलिस से भी दो कदम आगे है। बिजली निगम, नगर परिषद/पालिका, यूआईटी और परिवहन विभाग भी भ्रष्टाचार में पीछे नहीं हैं। इन महकमों में एसीबी के माध्यम से भ्रष्टाचार के मामले लगातार उजागर हो रहे हैं।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो अलवर की ओर से जनवरी-2022 से लेकर फरवरी-2023 तक सरकारी महकमों में भ्रष्टाचार के कुल 31 मामले पकड़े हैं। जिनमें रिश्वत लेते सरकारी अधिकारी और कर्मचारियों को रंगेहाथों गिरफ्तार किया गया है। पिछले 14 महीनों में अलवर जिले में भ्रष्टाचार के सबसे ज्यादा 09 मामले राजस्व और जिला कलक्ट्रेट विभाग में सामने आए हैं। पुलिस महकमे में एसीबी ने भ्रष्टाचार के 07 मामलों का भंडाफोड़ करते हुए भ्रष्ट पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार किया है। एसीबी द्वारा बिजली निगम में 04, नगर परिषद/नगर पालिका में 03 व यूआईटी में 02 ट्रैप कार्रवाई की गई हैं। इसके अलावा एसीबी ने आबकारी विभाग में 01, रोडवेज में 01, पंचायतीराज विभाग में 01, चिकित्सा विभाग में 01, परिवहन विभाग में 01 और कॉलेज शिक्षा में 01 भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई को अंजाम दिया है।
बड़ी मछलियां भी खूब फंस रही एसीबी के जाल में
भ्रष्टाचार के समुद्र में गोते लगा रही छोटी मछली ही नहीं बल्कि बड़ी मछलियां भी एसीबी के जाल में खूब फंस रही हैं। आइएएस, आरएएस, बीडीओ, रोडवेज प्रबंधक, थानाधिकारी, पटवारी, आरटीओ इंस्पेक्टर तथा नगर परिषद सभापति, पार्षद, विधायक और प्रधान पुत्र तक भ्रष्टाचार के मामले में एसीबी के शिकंजे में फंस चुके हैं। भ्रष्टाचारियों के खिलाफ एसीबी लगातार बड़ी-बड़ी कार्रवाई को अंजाम दे रही है, लेकिन फिर भी भ्रष्टाचार पर अंकुश नहीं लग पा रहा।
----
14 माह में 31 कार्रवाई की
जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी की ओर से मजबूत नकेल कसी जा रही है। पिछले 14 माह में अलवर एसीबी की ओर से कुल 31 ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया है। जिसमें कई भ्रष्ट अधिकारी, कर्मचारी और उनके दलालों को गिरफ्तार किया गया है। भ्रष्टाचार के खिलाफ आगे और सख्ती से कार्रवाई अभियान जारी रहेगा।
- विजय सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एसीबी, अलवर।
Published on:
03 Mar 2023 09:16 pm
बड़ी खबरें
View Allअलवर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
