19 जनवरी 2026,

सोमवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सरिस्का से क्या आई खुश खबर, सीएम भी हो गए खुश

सरिस्का टाइगर रिजर्व से रविवार काे सुबह खुश खबर आई। अलवर बफर रेंज में बाघिन एसटी-19 ने दो शावकों काे दिया जन्म। इससे सरिस्का में बाघों का कुनबा 28 से बढ़कर 30 तक पहुंच गया। जानिए आखिर सरिस्का की खबर से सीएम क्यों हुए खुश....

2 min read
Google source verification

अलवर

image

Prem Pathak

Jul 09, 2023

सरिस्का से क्या आई खुश खबर, सीएम भी हो गए खुश

सरिस्का में बा​घिन एसटी-19 के साथ दिखे दो शावक

अलवर. टाइगर रिजर्व सरिस्का से एक बार फिर से खुशखबर आई है। अलवर बफर रेंज में बाघिन एसटी-19 ने दो शावकों को जन्म दिया है। ये शावक बाघिन के साथ कैमरा ट्रैप में गत 6 जुलाई को नजर आए। सरिस्का में अब बाघों का कुनबा बढ़कर 30 हो गया है। इनमें 14 बाघिन, 8 बाघ एवं 8 शावक शामिल हैं। सरिस्का में बाघों का कुनबा और बढ़ने की उम्मीद है।
सरिस्का के सीसीएफ आरएन मीणा ने बताया कि अलवर बफर रेंज के वन क्षेत्र में बाघिन एसटी-19 ने दो शावकों को जन्म दिया है। इन दोंनों शावकों की कैमरा ट्रैप में गत 6 जुलाई को फोटो कैप्चर हुई है। इन दोनों शावकों के संभावित पिता इस क्षेत्र में विचरण करने वाला नर बाघ एसटी-18 है।

अलवर शहर के पास नए बाघ अभयारण्य की उम्मीद जगी

सरिस्का के अलवर बफर रेंज में पहले से एक बाघ, एक बाघिन एवं दो शावक मौजूद हैं, अब दो नए शावकों के जन्म से यहां बाघों का कुनबा बढ़कर 6 पहुंच गया है। अलवर बफर रेंज में बाघों का जितना कुनबा है, उतना राजस्थान में रणथंभौर, सरिस्का के अलावा अन्य अभयारण्यों में भी नहीं है। इस कारण अलवर शहर के पास जल्द ही नया बाघ अभयारण्य विकसित होने की उम्मीद जगी है। अब लोगों का बाघ देखने के लिए सरिस्का, रणथंभौर व अन्य टाइगर रिजर्व पर ज्यादा निर्भर नहीं रहना होगा। इससे अलवर के बाला किला पर्यटन क्षेत्र में पर्यटक बढ़ेंगे, वहीं रोजगार के नए संसाधन विकसित हो सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर जताई खुशी

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सरिस्का में दो शावकों के जन्म पर ट्वीट कर वन में नव जीवन टैग कर लिखा कि सरिस्का टाइगर रिजर्व से 2 शावकों के जन्म का सुखद समाचार मिला। अब सरिस्का टाइगर रिजर्व में बाघों की संख्या बढ़कर 30 हो गई है। पर्यावरण के लिए महत्वपूर्ण बाघों के संरक्षण काे सरकार प्रतिबद्ध है। इसके अलावा जिले के जनप्रतिनिधियों ने भी अलवर बफर रेंज में दो शावकों के जन्म पर खुशी जताई है। वहीं सरिस्का एवं जिले में रहने वाले लोगों ने भी प्रसन्नता जताई है तथा इसे सरिस्का प्रशासन के बेहतर प्रबंधन का नतीजा बताया है।

फैक्ट फाइल
- सरिस्का में बाघो का कुनबा- 30
- सरिस्का में बाघिन की संख्या- 14
- सरिस्का में बाघों की संख्या- 8
- सरिस्का में शावकों की संख्या- 8
- सरिस्का में भालुओं की संख्या-3

- अलवर बफर रेंज में बाघों की संख्या- 6
- अलवर बफर रेंज में शावक- 4