
Demo Photo
अलवर जिले के सरिस्का टाइगर रिजर्व से निकले एक टाइगर ने चार युवकों पर जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया, जिनका इलाज अलवर जिला अस्पताल में जारी है। टाइगर के हमले की यह घटना अलसुबह करीब 5 बजे हुई। उसके बाद से पूरे इलाके में दहशत है। टाइगर को अब तक ट्रेंकुलाइज नहीं किया जा सका है। वन विभाग के कर्मचारी हिंसक टाइगर की तलाश में जुटे हैं। हमले में घायल एक युवक ने बताया कि बाइक से जाते समय अचानक टाइगर एसटी 2303 मुंडावर के दरबारपुर गांव के समीप जानलेवा हमला कर दिया। वह सुबह ट्रेन से उतरने के बाद घर की ओर लौट रहा था। हालांकि इस बीच उसका भाई उसे बाइक से लेने आ रहा था।
इस दौरान बाइक की रोशनी पड़ते ही टाइगर भाग गया। इससे उसकी जान बच गई। लेकिन उसके बाद टाइगर ने तीन और लोगों पर हमला कर दिया। हमले में घायल सतीश कुमार, महेंद्र कुमार एवं वीरेंद्र सभी मुंडावर के ग्राम दरबारपुर के रहने वाले हैं। घटना के बाद प्रदेश पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा घायलों से मुलाकात कर चिकित्सकों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं।
टाइगर द्वारा हमले के कारण क्षेत्र के दरबारपुर, अहीर बघोला और बासनी गांव के लोगों में दहशत का माहौल है। इसके कारण दरबारपुर के स्कूल में छुट्टी कर दी गई है। वहीं ग्राम पंचायत दरबारपुर के सरपंच ने ग्रामवासियों के लिए इस संबंध में सूचना पत्र जारी कर लोगों को सावधान रहने की अपील की है। टाइगर एसटी 2303 को घेरने के लिए वन कर्मचारी प्रयासरत हैं। कर्मचारियों द्वारा हरियाणा सीमा के नजदीक दरबारपुर में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। वन विभाग की 10 टीमें सहित जिला प्रशासन की 2 टीमें इसमें जुटी हुई है।
Updated on:
15 Aug 2024 07:46 pm
Published on:
15 Aug 2024 07:38 pm
बड़ी खबरें
View Allअलवर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
