
नगर परिषद सभापति मंत्री के पैर छूकर बोलीं- कांग्रेसी पार्षद मेरे खिलाफ
अलवर. जयपुर संभाग की कार्यशाला एवं प्रशासन शहरों के संग अभियान के लिए मसौदा तैयार करने आए स्वायत्त शासन मंत्री शांति धारीवाल अलवर नगर परिषद बोर्ड में चल रही खींचतान में उलझ गए। मंत्री के समक्ष कांग्रेस पार्षदों ने सभापति के खिलाफ ज्ञापन सौंपकर अपनी पीड़ा बताई, वहीं सभापति व उनके समर्थक पार्षदों ने धारीवाल के समक्ष अपना रख कांग्रेस पार्षदों पर उनका सहयोग नहीं करने का आरोप लगाया। स्वायत्त शासन मंत्री के दो दिन के प्रवास के दौरान पार्षद गुटों बंटकर अपनी पीड़ा बताते रहे हैं।
शहर के समीप स्थित एक होटल में इन दिनों स्वायत्त शासन मंत्री धारीवाल एवं विभाग के उच्च अधिकारी प्रशासन शहरों के संग अभियान की रूपरेखा को तैयार करने में जुटे हैं। लेकिन यहां मंत्री धारीवाल को अभियान की रूपरेखा पर कम तथा नगर परिषद के पार्षदों की खींचतान पर चर्चा ज्यादा करनी पड़ रही है।
पार्षदों के दोनों खेमे पहुंचे मंत्री धारीवाल के पास
शुक्रवार को नगर परिषद सभापति बीना गुप्ता समर्थक पार्षदों के साथ मंत्री धारीवाल से मिलने पहुंची। वहीं उनके विरोधी खेमे के पार्षद भी मंत्री से मिलने पहुंचे। इस दौरान नगर परिषद चेयरमैन बीना गुप्ता ने मंत्री के पैर छूकर कर कहा कि कांग्रेसी पार्षद मेरे खिलाफ हैं। मंत्री के सामने नगर परिषद सभापति बीना गुप्ता ने कहा कि मैं शहर के विकास के लिए खूब काम कर रही हूं। मेरे साथ मेरे कांग्रेसी पार्षद नहीं है। नगर परिषद सभापति ने मंत्री के सामने अपनी पीड़ा जाहिर की। वहीं उनके साथ आए पार्षदों ने सभापति के नेतृत्व की तारीफ की।
मंत्री से मिलने के बाद दोनों गुट के पार्षद भिड़ गए
होटल मे स्वायत्त शासन मंत्री से मिलकर लौटे पार्षदों में विवाद की स्थिति बन गई। कांग्रेसी पार्षद अजय मेठी ने कांग्रेस के नगर परिषद प्रभारी गोपाल खटीक को भ्रष्टाचार के मामले में खरी-खोटी सुनाई। उन्होंने यहां चेयरमैन समर्थक एक व्यक्ति को भी खूब सुनाई, जिससे माहौल गर्म हो गया। मामला गरमाता देख यहां खड़े कांग्रेसी पार्षदों ने समझाइश की। कांग्रेस पार्षद मेठी ने सभापति बीना गुप्ता पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए।
Published on:
28 Aug 2021 12:31 am
बड़ी खबरें
View Allअलवर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
