21 जून 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

International Yoga Day: अलवर में योग दिवस पर उमड़ा हुजूम, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने भी किया योगाभ्यास

International Yoga Day: अलवर जिले में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस बेहद उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। 'स्वस्थ आयु के लिए योग' की थीम पर आयोजित इस जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और राज्यमंत्री संजय शर्मा की मौजूदगी में इंदिरा गांधी स्टेडियम में हजारों लोगों ने एक साथ योगाभ्यास किया।

3 min read
Google source verification
yoga day alwar

इंदिरा गांधी स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय योगाभ्यास (फोटो - पत्रिका)

International Yoga Day: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर अलवर का इंदिरा गांधी स्टेडियम सुबह से ही योगमय नजर आया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह में केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव और वन राज्यमंत्री संजय शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

स्टेडियम में योग करने के लिए केवल आमजन और योग प्रेमी ही नहीं पहुंचे, बल्कि भारी संख्या में दिव्यांग भाई-बहनों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। सभी ने एक साथ मिलकर प्राणायाम, अनुलोम-विलोम, कपालभाति और विभिन्न आसनों का अभ्यास किया। मंत्रियों ने भी आम जनता के बीच जमीन पर बैठकर योग किया और सभी को नियमित योग कर निरोग रहने का संदेश दिया।


आईटीबीपी के 'हिमवीरों' ने बेरवास में बिखेरा योग का रंग

इस साल योग दिवस को 'स्वस्थ आयु के लिए योग' की थीम पर पूरे देश में मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में अलवर के रामगढ़ क्षेत्र के बेरवास गांव में स्थित आईटीबीपी (ITBP) के केंद्रीय प्रशिक्षण महाविद्यालय में जवानों ने पूरे जोश के साथ योग किया।

देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले इन 'हिमवीरों' ने सुबह-सुबह कठिन योगाभ्यास कर यह संदेश दिया कि देश की सुरक्षा के साथ-साथ खुद का मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य भी कितना जरूरी है। जवानों का यह अनुशासन देखने लायक था।

खैरथल, नीमराणा और बड़ौदामेव में भी जबरदस्त उत्साह

योग का यह रंग सिर्फ अलवर शहर तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि ग्रामीण इलाकों और कस्बों में भी इसका जबरदस्त असर देखा गया। नवगठित खैरथल जिले में भव्य जिला स्तरीय योग कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जहां स्थानीय प्रशासन और आम लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

वहीं बड़ौदामेव के महात्मा गांधी सरकारी स्कूल के खेल मैदान में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सैकड़ों ग्रामीणों की मौजूदगी में योग सत्र का आयोजन किया गया। इसके अलावा औद्योगिक क्षेत्र नीमराणा में भी सुबह-सुबह पार्क और मैदानों में योग करते अधिकारी, कर्मचारी और आम नागरिक दिखाई दिए।

थानागाजी के गोरख टीला पर होमगार्ड्स का अनूठा योगाभ्यास

थानागाजी कस्बे के पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में उपखंड स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय लोगों ने सामूहिक रूप से योग की महत्ता को समझा। वहीं, योग दिवस का एक बेहद खूबसूरत और अनोखा नजारा थानागाजी के ऐतिहासिक गोरख टीला पर देखने को मिला।

यहाँ 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर गृह रक्षा स्वयंसेवकों (होमगार्ड्स) ने पूरी अनुशासित कतारों में बैठकर ऊंचाइयों पर योगाभ्यास किया। कुल मिलाकर पूरे अलवर जिले में जनप्रतिनिधियों से लेकर अधिकारियों, जवानों और आम जनता योगाभ्यास कर 'पहला सुख निरोगी काया' के संकल्प को दोहराया।

योग दिवस पर बानसूर में योगाभ्यास