अलवर के वैशाली नगर थाना क्षेत्र के सूर्य नगर चौराहे पर स्थित एक मिठाई की दुकान पर सोमवार रात रंगदारी देने से मना करने पर तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है। पीड़ित दुकानदार हेमंत विजय ने बताया कि एनईबी थाने का हिस्ट्रीशीटर मछिंद्र चौधरी उर्फ मच्छू कुछ लोगों के साथ दुकान पर आया और धमकी देते हुए 20 डिब्बे मिठाई देने को कहा।
जब मिठाई नहीं दी तो रात 8 बजे मछिंद्र चौधरी सहित 6 जाने कार में सवार होकर दुकान पर आए और गाली-गलौच और अभद्रता करते हुए करते हुए मारपीट की कोशिश की। दुकानदारों ने बीच बचाव किया। इसके बाद रात पौने बजे बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने दुकान में घुसकर लोहे के पाइपों से तोड़फोड़ कर दी। सूचना पर कई व्यापारी नेताओं ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित से पूरे मामले की जानकारी ली।
काफी समय से कर रहे थे परेशान: पीड़ित दुकानदार के साले हेमंत विजय ने बताया कि दुकान में उसके जीजा हेमंत विजय पुत्र सागरमल विजय, बहन डिंपल विजय व दो सेल्समैन धीरज विजय व साहिल विजय को मछिंद्र चौधरी और उसके साथी काफी लंबे समय से परेशान कर रहे थे।
करीब तीन-चार महीने पहले बदमाशों ने जागरण के नाम पर उनसे 21 हजार रुपए की मांग की थी। होली पर भी 21 हजार रुपए मांगे थे, लेकिन उन्होंने रुपए देने से मना कर दिया। इसके बाद से ही बदमाश उन्हें आए दिन धमकियां देकर परेशान कर रहे थे। उनकी दुकान के सेल्समैन को भी कई बार मारने की धमकियां दे चुके हैं।
पुलिस के रवाना होते ही धावा बोला
पीड़ित दुकानदार ने बताया कि उन्होंने वैशाली नगर थाना पुलिस को दोपहर में शिकायत दी थी। इसके बाद रात 8 बजे मारपीट की कोशिश की दोबारा शिकायत दी गई। जिस पर पुलिस टीम दुकान पर पहुंची थी, लेकिन पुलिस टीम के रवाना होते ही बदमाशों ने तोड़फोड़ कर दी