अलवर. शहर में पेयजल संकट बरकरार है। अधिकांश इलाके पेयजल समस्या से जूझ रहे हैं। पानी की किल्लत झेल रहे श्रीराम कॉलोनी और कटीघाटी क्षेत्र के महिला-पुरुषों ने शुक्रवार को कटीघाटी के समीप रोड जाम कर दिया। जिससे मार्ग पर दोनों तरफ लम्बा जाम लग गया। करीब ढाई घंटे तक महिलाएं प्रदर्शन करती रही। पुलिस और जलदाय विभाग के अधिकारियों की समझाइश व आश्वासन के बाद महिलाओं ने जाम खोला। इसके बाद मार्ग पर वाहनों का आवागमन सुचारू हो सका। वहीं, इससे एक दिन पहले वार्ड नम्बर 25 की महिलाओं ने बस स्टैण्ड रोड और वार्ड नम्बर-15 की महिलाओं ने शिशु चिकित्सालय के सामने रोडजाम किया था।
पेयजल समस्या से त्रस्त श्रीराम कॉलोनी, भरत नगर और कटीघाटी क्षेत्र के काफी महिला-पुरुष सुबह करीब 10 बजे कटीघाटी पहुंच गए। महिलाओं ने पुलिस के बेरिकेड्स बीच सड़क पर लगाते हुए रोड जाम कर दिया। महिला-पुरुष पानी की मांग को लेकर वहां प्रदर्शन करने लगे तथा कुछ महिलाएं वहां धरने पर बैठ गईं। जाम से रोड के दोनों तरफ दुपहिया और चौपहिया वाहनों की लम्बी कतार लग गई। लोग जाम में फंस गए। कई दुपहिया वाहन चालकों ने निकलने का प्रयास किया, लेकिन महिलाओं ने उन्हें निकलने नहीं दिया। जाम की सूचना मिलने पर अरावली विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जाम खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन महिलाओं ने जाम नहीं खोला। इस पर पुलिस ने अपने बेरिकेड्स वहां से हटा दिए। इसके बाद महिलाओं ने वहां रस्सी बांध दी और सड़क पर पाइप और पत्थर आदि पटककर फिर से जाम लगा दिया। स्थानीय लोगों ने बताया कि उनके घरों में पिछले 4-5 दिन से पानी नहीं आ रहा। जिससे उनके क्षेत्र में पेयजल संकट गहरा गया है। लोग बूंद-बूंद पानी को तरस रहे हैं।