30 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

MSP पर गेहूं खरीद की समय सीमा घटी, अब इस तारीख तक ही होगी खरीद 

भारतीय खाद्य निगम (FCI) ने न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर गेहूं की खरीद प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया है। गेहूं खरीद की अंतिम तिथि 31 मई निर्धारित की गई है।

2 min read
Google source verification

राजस्थान के किसानों के लिए एक बड़ी और महत्वपूर्ण खबर है। भारतीय खाद्य निगम (FCI) ने न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर गेहूं की खरीद प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया है। विभाग ने इस बार खरीद की समय सीमा को एक महीना कम कर दिया है। जहां पहले किसान 30 जून तक अपना गेहूं बेच सकते थे, वहीं अब खरीद की अंतिम तिथि 31 मई निर्धारित की गई है।

25 मई तक ही होगा पंजीकरण

समय सीमा घटने के साथ ही पंजीकरण की अंतिम तिथि भी नजदीक आ गई है। जो किसान सरकारी केंद्रों पर अपनी उपज बेचना चाहते हैं, उन्हें 25 मई तक अपना पंजीयन अनिवार्य रूप से कराना होगा। FCI ने इस अचानक किए गए बदलाव के पीछे 'प्रशासनिक कारणों' का हवाला दिया है। समय कम होने के कारण अब किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए जल्दबाजी करनी होगी, जिससे मंडियों में भीड़ बढ़ने की संभावना है।

इन जिलों के किसानों पर सीधा असर

खरीद अवधि कम होने का सबसे ज्यादा असर पूर्वी राजस्थान के जिलों पर पड़ेगा। अलवर, खैरथल-तिजारा, कोटपूतली-बहरोड़, डीग, करौली और भरतपुर में 16 मार्च से शुरू हुई खरीद अब समय से पहले बंद हो जाएगी। जिन किसानों की फसल की कटाई या तुलाई अभी बाकी है, उन्हें सलाह दी गई है कि वे जल्द से जल्द प्रक्रिया पूरी करें ताकि उन्हें MSP का लाभ मिल सके।

खरीद के आंकड़ों ने पकड़ी रफ्तार
समय सीमा कम होने की खबर के बीच खरीद केंद्रों पर गेहूं की आवक में जबरदस्त तेजी देखी जा रही है। अब तक के प्रमुख आंकड़े इस प्रकार हैं:

कुल खरीद: 25,177 मीट्रिक टन से अधिक।
श्रेणीवार खरीद:
URS श्रेणी: 25,112.044 मीट्रिक टन।
FAQ श्रेणी: 65.3 मीट्रिक टन।
अग्रणी केंद्र: खरीद के मामले में भरतपुर और जुरहरा सबसे आगे चल रहे हैं। इसके अलावा लक्ष्मणगढ़, तिजारा, रूपबास, नदबई, खैरथल और किशनगढ़बास केंद्रों पर भी रिकॉर्ड आवक दर्ज की गई है।

प्रमुख केंद्रों पर अब तक हुई खरीद (मीट्रिक टन में)

केंद्र का नाम कुल खरीद (MT)

जुरहरा - 2186.9
भरतपुर - 2175.05
अलवर - 1931.35
कामां - 1733.4
डीग - 1679

हिंडौन सिटी और राजगढ़ जैसे केंद्रों पर एफएक्यू (FAQ) श्रेणी के गेहूं की भी अच्छी खरीद हुई है। किसान अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना अपने नजदीकी केंद्र पर संपर्क करें, ताकि अच्छी कीमत मिल सके।