10 जुलाई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

IPS Jagmohan Meena: ‘फैसला टालने के लिए कहा है’, IPS जगमोहन के पिता ने बताया इस्तीफा देने के बाद क्या करेगा बेटा

ओडिशा कैडर के 2013 बैच के IPS अधिकारी जगमोहन मीणा के इस्तीफे की खबर चर्चा में है। उन्होंने इसे पूरी तरह व्यक्तिगत फैसला बताया है और उनके पिता ने कहा है कि उन्होंने बेटे से फिलहाल ये निर्णय टालने के लिए कहा है।
2 min read
Google source verification

अलवर

image

Akshita Deora

Jul 10, 2026

IPS Jagmohan Meena With Father

IPS अधिकारी जगमोहन मीणा और पिता नंदलाल मीणा का फाइल फोटो: पत्रिका

IPS Jagmohan Father On Resignation: ओडिशा कैडर के 2013 बैच के IPS अधिकारी जगमोहन मीणा के इस्तीफे का मामला इन दिनों चर्चा में है। अलवर जिले की रैणी तहसील के प्रागपुरा गांव के लोग इस खबर को सुनकर स्तब्ध हैं, क्योंकि जगमोहन मीणा इसी गांव के मूल निवासी हैं। जगमोहन ने इस फैसले को अपने परिवार और करीबी दोस्तों के साथ व्यापक विचार-विमर्श के बाद सोच-समझकर लिया गया व्यक्तिगत निर्णय बताया है। जगमोहन ने यह भी स्पष्ट किया है कि इसमें किसी तरह का दबाव या बाहरी कारण शामिल नहीं है। जगमोहन ने ओडिशा के लोगों का आभार जताते हुए पूरे करियर में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपने के लिए वहां की राज्य सरकार को भी धन्यवाद दिया है।

ये बोले जगमोहन के पिता

इधर जगमोहन के पिता नंदराम मीणा का कहना है कि बेटा जगमोहन मेधावी छात्र रहा। परिवार से बात करके ही इस्तीफा पेश किया जो अभी विचाराधीन है। दो दिन से मिलने वालों के लगातार फोन आ रहे हैं, इसलिए बेटे से बात की है और फैसला टालने के लिए कहा है। नंदराम मीणा का कहना है कि यदि इस्तीफा दिया, तो जगमोहन देश की टॉप मैनेजमेंट में अपना कंट्रीब्यूशन देगा क्योंकि जगमोहन ने IIT की हुई है।

सक्षम प्राधिकारी से औपचारिक स्वीकृति मिलना बाकी

उधर ओडिशा सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि जगमोहन मीणा का त्यागपत्र प्रक्रिया के लिए भेज दिया गया है लेकिन सक्षम प्राधिकारी से औपचारिक स्वीकृति मिलना अभी बाकी है। अखिल भारतीय सेवा नियमों के अनुसार किसी आइपीएस अधिकारी का त्यागपत्र केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से स्वीकार किए जाने के बाद ही प्रभावी होता है। ऐसे में जगमोहन मीणा औपचारिक रूप से इस्तीफा स्वीकार किए जाने तक सेवा में बने रहेंगे।

कब-कब चर्चा में रहे जगमोहन मीणा

  • वर्ष 1989 में जन्मे जगमोहन मीणा वर्तमान में भुवनेश्वर में पुलिस उपायुक्त के पद पर कार्यरत हैं।
  • भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आइआइटी) के पूर्व छात्र जगमोहन को पहली पोस्टिंग कालाहांडी जिले में उप-मंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) के रूप में मिली थी।
  • जगमोहन मीणा वर्ष 2019 में ओडिशा के माओवादी प्रभावित जिलों में एक मालकानगिरि के पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्य करते हुए सफल माओवादी विरोधी अभियानों का नेतृत्व कर चर्चा में आए।
  • कई महत्वपूर्ण जिलों में पुलिस अधीक्षक (एसपी) के रूप में कार्य किया। बाद में उन्हें कटक में पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) के रूप में तैनात किया गया।
  • मार्च 2025 में मीणा ने भुवनेश्वर के डीसीपी के रूप में कार्यभार संभाला।
  • अपनी 13 साल की नौकरी में उन्हें उत्कृष्ट सेवा के लिए कई पदक भी मिले।