अलवर. जिले के थानागाजी कस्बे के समीपवर्ती अयोध्या नगर डाबला मोड़ के पास गढ़बसई रोड थानागाजी पर जाखड़ परिवार व सभी भक्त जनों के तत्वावधान में नव निर्मित भव्य श्रीराम मंदिर में मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा समारोह कार्यक्रम के शुभारम्भ पर महिलाओं ने कलश यात्रा निकाली।
श्रीराम मन्दिर मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा समारोह के तहत सुबह सवा 7 बजे ठाकुरजी मन्दिर आमाला पर मुख्य यजमान हनुमान जाखड़ ने सभी मुख्य ध्वज व सभी कलशों की विधिवत मंत्रोच्चार के साथ पूजन कराया। इसके बाद करीब महिलाओं सिर पर आस्था का कलश रख मंगलगीत गाते हुए चल रही थी। कलश यात्रा दोपहर सवा 12 बजे नवनिर्मित सीताराम मन्दिर अयोध्या नगर डाबला मोड़ यात्रा पहुंची। जहां ध्वज स्थापना के साथ नव दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम का शुभारम्भ हुआ।
आयोजक हनुमान जाखड़ ने बताया कि देवार्चन कलश यात्रा के बाद नव निर्मित प्रभु श्रीराम मंदिर में श्रीराम दरबार, राधा-कृष्ण, मां भगवती, रामभक्त हनुमान, भगवान परशुरामड्ड, आशुतोष भगवान, शिव परिवार सभी के विग्रह के 17 मई को पूजन व अन्नाधीवास, 18 को देवार्चन व जलाधिवास, 19 को देवार्चन व फलाधीवास, 20 को देवार्चन व अधिवास, 21 को देवार्चन व पुष्पाधिवास, 22 को देवार्चन व शय्याधीवास, 23 मई को महास्नान व शोभायात्रा के बाद सभी भक्त जनों की ओर से 24 मई को शुभ मुहूर्त अनुसार विधिवत मंत्रोच्चार के साथ मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा हवन यज्ञ किया जाएगा। महाआरती के बाद भोग लगा प्रसादी का आयोजन होगा। कार्यक्रम में विभिन्न आश्रमों व स्थानों से साधु सन्त शामिल होंगे। धार्मिक कार्यक्रम में सुरेश गोला एंड पार्टी की ओर से भजनामृत गुणगान किया जाएगा। कलश यात्रा के दौरान आरएसएस के प्रांत प्रचारक बाबूलाल, जयपुर विभाग प्रचारक विशाल कुमार सहित आसपास के गांवों के भक्तों ने भाग लिया।