
अलवर के पूर्व राजघराने के सदस्य यशवंत सिंह। फोटो: पत्रिका
Yashwant Singh: अलवर के पूर्व राजघराने के सदस्य यशवंत सिंह ने दिल्ली के प्रतिष्ठित लुटियंस जोन के गोल्फलिंक्स इलाके में 100 करोड़ रुपए में एक शाही बंगला खरीदा है। सूत्रों के मुताबिक यशवंत सिंह ने यह बंगला डीएलए ‘द कैमिलियाज’ से जुड़ी अनु जिंदल से खरीदा है। रजिस्ट्रेशन दस्तावेजों के मुताबिक इस प्रॉपर्टी की कीमत 100 करोड़ रुपए हैं। इसके लिए 7 करोड़ रुपए की स्टांप ड्यूटी और निगम टैक्स भी जमा करा दिया गया है। बताया जाता है कि यशवंत सिंह का निवास दिल्ली की औरंगजेब रोड पर था। यह कई बीघा में फैला हुआ था।
यशवंत सिंह की उम्र 90 वर्ष से अधिक हो गई है। ऐसी स्थिति में इतना बड़ा घर संभालना उनके लिए और परिवार के लिए कठिन हो गया था। इसी वजह से उन्होंने औरंगजेब रोड वाला बंगला बेचा और एक कॉम्पैक्ट लेकिन बेहद कीमती घर गोल्फ लिंक्स में खरीद लिया। यह सौदा राजधानी के हाई-प्रोफाइल प्रॉपर्टी बाजार में सुर्खियों का विषय बना हुआ है। लुटियंस बंगला जोन में मध्य दिल्ली के कुछ स्थान जैसे पृथ्वीराज रोड और सुंदर नगर, गोल्फ लिंक्स और बंगाली मार्केट के कुछ हिस्से शामिल हैं।
यशवंत सिंह दिवंगत तेज सिंह के छोटे पुत्र हैं। कांग्रेस नेता, पूर्व सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री भंवर जितेंद्र सिंह उनके भतीजे हैं, जो यशवंत सिंह के बड़े भाई प्रताप सिंह के पुत्र हैं। यशवंत सिंह अपने समय में टेनिस के अच्छे खिलाड़ी रहे हैं। उन्होंने अर्जुन अवॉर्ड एसोसिएशन में भी सक्रिय भूमिका निभाई है। उनके बेटे और बेटियां भी उनकी खेल परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। वे स्क्वॉश के राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी रहे हैं और भारत के लिए कई मेडल भी जीत चुके हैं।
ढाई मंजिल में बना यह बंगला 867 वर्गमीटर में फैला हुआ है। इसमें बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर, फर्स्ट फ्लोर के साथ टैरेस भी खूबसूरत तरीके से बना हुआ है। इसके अलावा नौकरों के लिए सर्वेंट रूम जैसी व्यवस्थाएं भी हैं। परिवार के करीबी सूत्रों के मुताबिक यशवंत सिंह और उनका परिवार नए बंगले में जल्द ही शिफ्ट होने की तैयारी कर रहे हैं।
Updated on:
07 Jul 2025 09:49 am
Published on:
07 Jul 2025 09:48 am
बड़ी खबरें
View Allअलवर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
