5 अप्रैल 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Haryana : मतदान से पहले कांग्रेस को झटका, समर्थकों के साथ वरिष्ठ नेता और चेयरपर्सन भाजपा में शामिल

Haryana के अम्बाला नगर निगम के दो मार्च को होने वाले मेयर उपचुनाव के मतदान से पहले ही कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजेश मेहता भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गये। इसके साथ ही रतिया नगर पालिका की अध्यक्ष प्रीति खन्ना भाजपा में शामिल हो गयीं। वह पहले कांग्रेस में थीं, अब उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया है।

2 min read
Google source verification
अम्बाला नगर निगम election

Haryana : हरियाणा के अम्बाला नगर निगम के दो मार्च को होने वाले मेयर उपचुनाव के मतदान से पहले ही कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजेश मेहता भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गये। मुख्यमंत्री नायब सैनी के जनसभा के मंच पर पहुंच कर मेहता ने यह चौंकाने वाला काम किया। सैनी ने मेहता का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा की नीतियों और विकास कार्यों से प्रभावित होकर लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं।

.... तो कांग्रेस प्रत्याशी की जमानत होगी जब्त

सैनी ने करनाल में अपने खिलाफ कांग्रेस टिकट पर चुनाव लड़े त्रिलोचन सिंह द्वारा भाजपा में शामिल होने का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने घर-घर जाकर हर कांग्रेसी को भाजपाई बनाने का काम करके कांग्रेस मुक्त करनाल करने का काम किया है। उन्होंने आशा जतायी कि उसी प्रकार मेहता भी एक-एक वोट कमल के फूल पर डलवाकर कांग्रेस प्रत्याशी की जमानत जब्त करवाने का काम करेंगे।

जनहितैषी नीतियों से प्रभावित

मुख्यमंत्री की मौजूदगी में मेहता ने भाजपा सदस्यता ग्रहण करते हुए न केवल मुख्यमंत्री को स्मृति चिह्न भेंट किया, बल्कि कहा कि वह मुख्यमंत्री और पूर्व मंत्री असीम गोयल की जनहितैषी नीतियों को देखते हुए भाजपा में शामिल हो रहे हैं। गौरतलब है कि मेहता ने 2020 में नगर निगम चुनाव कांग्रेस के समर्थन से जीता था और परिणाम के तुरंत बाद विनोद शर्मा के नेतृत्व वाली हरियाणा जनचेतना पार्टी का दामन थाम कर नगर निगम में डिप्टी मेयर बने थे। हाल ही के विधानसभा चुनाव में जब हरियाणा जनता पार्टी (हजपा) के मुखिया विनोद शर्मा ने भाजपा को समर्थन की घोषणा की तो वे फिर से कांग्रेस में शामिल हो गये थे और अब मतदान से ऐन पहले भाजपा में शामिल हो गये। इसे अंबाला शहर कांग्रेस के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है, क्योंकि मेहता स्थानीय स्तर पर एक प्रभावशाली नेता माने जाते हैं।

सीएम सैनी को अंबाला में बीजेपी के पक्ष में एकतरफा वोट मिलने का विश्वास

सीएम नायब सैनी चुनाव प्रचार के लिए अंबाला दौरे पर पहुंचे और अंबाला मेयर उपचुनाव में बीजेपी प्रत्याशी शैलजा सचदेवा के लिए वोट की अपील की। उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि अंबाला उनका घर और कर्मभूमि है। उन्होंने कहा विश्वास जताते हुए कहा कि यहां से बीजेपी को एकतरफा वोट मिलेगा।

प्रीति खन्ना ने भी थामा भाजपा का दामन

इसके साथ ही रैली के दौरान रतिया नगर पालिका की अध्यक्ष प्रीति खन्ना भाजपा में शामिल हो गयीं। वह पहले कांग्रेस में थीं, अब उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया है।