
अंबेडकरनगर में एसटीएफ के साथ हुई मुठभेड़ में बदमाश आसिफ मारा गया।
STF Operation: अंबेडकरनबर में यूपी एसटीएफ ने कुख्यात बदमाश को एनकाउंटर में मार गिराया। मुठभेड़ जिला मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर स्थित जगदीशपुर गांव के पास हुई। मंगलवार सुबह लगभग 4 बजे यूपी एसटीएफ की टीम ने खुफिया सूचना के आधार पर आसिफ अली को चारों तरफ से घेर लिया। खुद को घिरा देख शातिर अपराधी ने एसटीएफ की टीम पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। एसटीएफ की ओर से की गई जवाबी कार्रवाई में आसिफ के सीने में दो गोलियां लगीं।गोली लगने से गंभीर रूप से घायल बदमाश को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान आसिफ उर्फ विक्की छैमार पुत्र वाबू उर्फ मजहर के रूप में हुई है। वह मकनपुर, थाना बिल्लौर, कानपुर नगर का रहने वाला था। मौके से पुलिस ने 32 बोर की पिस्टल, 12 बोर की बंदूक, भारी मात्रा में कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, वह उत्तर प्रदेश और आसपास के इलाकों में आतंक का पर्याय बन चुके 'छैमार गैंग' का सरगना था। आसिफ अपने गैंग के साथ घरों में बंधक बनाकर डकैती को अंजाम देता था और विरोध होने पर बेरहमी से हत्या कर देता था। उसके खिलाफ यूपी, हरियाणा और राजस्थान में डकैती और डकैती के साथ हत्या सहित 21 से अधिक मामले दर्ज थे।
जौनपुर कि 2014 में थाना शाहगंज, जौनपुर में आसिफ और उसके साथियों ने एक घर में परिवार को बंधक बनाकर डकैती डाली थी और धारदार हथियार से पांच लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इनमें से स्वाति और सुमन नाम की दो महिलाओं की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इसी मामले में जौनपुर पुलिस ने उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
Updated on:
07 Jul 2026 03:32 pm
Published on:
07 Jul 2026 09:20 am
