
अंबिकापुर. स्काई एक्सचेंज का लिंक भेजकर आईपीएल मैच में सट्टा लगवाने के मामले में कोतवाली पुलिस ने शहर के ही 3 स्टोरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 20 हजार रुपए नकद, 19 नग मोबाइल, 3 नग पासबुक, 2 नग चेक बुक व 21 नग एटीएम कार्ड बरामद किया है। आरोपियों के खाते से लाखों रुपए के ट्रांजेक्शन की जानकारी पुलिस को मिली है, जिसकी जांच चल रही है।
एएसपी अमोलक सिंह ढिल्लो ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि 13 मई को कोतवाली पुलिस को मुखबिर से जानकारी मिली थी कि शहर के सतीपारा शिव मंदिर के पास रहने वाले 3 सटोरिए आयुष सिन्हा उर्फ दीप सिन्हा, अमित मिश्रा उर्फ पहलू व शुभम केशरी मिलकर काफी दिनों से सट्टा खिला रहे हैं।
तीनों ने अपने संपर्क एवं जान-पहचान के लोगों को स्काई एक्सचेज का लिंक भेजकर गुजरात टाइटंस व कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच चल रहे आईपीएल टी-20 मैच में सट्टा लगवाया है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने छापेमारी कर तीनों सटोरियों को गिरफ्तार कर लिया। हम यह भी बता दें कि गिरफ्तार दीप सिन्हा नामक सटोरिया पूर्व में भी सट्टा खिलाते पकड़ा जा चुका है।
आरोपी अमित मिश्रा उर्फ पहलू से एप्पल मोबाइल आईफोन-15 से व्हाट्सएप में किए गए चैट, फोन पे एप में लेन-देन संबंधी सट्टा खेलने व खिलाने का साक्ष्य मिला है। आयुष सिन्हा उर्फ दीप सिन्हा से सट्टा खेलने व खेलाने वाले लोगों द्वारा दिया गया एटीएम कार्ड तथा शुभम केशरी से हार-जीत का लेखा-जोखा रखने से संबंधित सट्टा खेलाने वाले लोगों का पासबुक व चेक बुक तथा मोबाइल मिला है।
इसमें सट्टा खेलने वाले लोगों का फोन पे एप्लीकेशन डाउनलोड कर पैसे की लेन-देन रखने का लिंक मिला है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के कब्जे से 19 नग मोबाइल, 3 नग पासबुक, 2 नग चेकबुक, 21 नग एटीएम कार्ड एवं 20100 रुपये नगद व अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि तीनों अपने सम्पर्क एवं परिचितों के लोगों को अवैध रूप से संचालित स्काई एक्सचेज का लिंक भेजकर आईपीएल मैच में ऑनलाइन सट्टा खेलाते थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7, 8 का के तहत कार्रवाई की है।
Updated on:
15 May 2024, 9:52 AM IST
Published on:
14 May 2024, 8:32 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.