5 फ़रवरी 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अनुराग बोले -गरीब जनता को छोड़ अमीर छात्रों में अपना भविष्य देख रहे नेता प्रतिपक्ष

कांफ्रेंस में नेता प्रतिपक्ष ने सीएम पर पक्षपातपूर्ण व्यवहार का लगाया था आरोप, आज की राजनीति से बेहतर राजकुमार कॉलेज में सेवा देना बताया था बेहतर

2 min read
Google source verification
BJP state minister Anurag Singhdeo

Anurag Singhdeo

अंबिकापुर. छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष के उस बयान से सियासी पारा गर्म हो गया है जिसमें उन्होंने सीएम रमन के व्यवहार से अपने आप को दुखी बताया था। पत्रकारों से चर्चा में उन्होंने कहा था आज की राजनीति से बेहतर तो राजकुमार कॉलेज में सेवा देना बेहतर होता। नेता प्रतिपक्ष के इस बयान पर भाजपा के प्रदेश मंत्री ने चुटकी ली है। उन्होंने कहा है कि नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव छत्तीसगढ़ की जनता की सेवा करना छोड़ अब राजकुमार कॉलेज के धनाढ्य विद्यार्थियों में अपना भविष्य देख रहे हैं।


भाजपा प्रदेश मंत्री अनुराग सिंहदेव ने बयान जारी कर कहा है कि नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव द्वारा सूरजपुर में पत्रकारों से चर्चा के दौरान रमन सरकार के रवैये के विरूद्ध क्षोभ प्रकट किया जाना उनके अकृत्यज्ञता की पराकाष्ठा है। टीएस सिंहदेव द्वारा क्षेत्रीय विकास में भेदभाव एवं शासन द्वारा महत्व नहीं दिए जाने को लेकर भाजपा की रमन सरकार के खिलाफ अफसोस प्रकट कर यह जाहिर कर दिया कि वो न केवल थैंकलेस हैं, बल्कि जनसुविधाओं के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे ऐतिहासिक कामों के लिए भी वो जनता की तरफ से सरकार को धन्यवाद ज्ञापित नहीं करना चाहते।

उनके द्वारा इसके एवज में राजकुमार कॉलेज की सेवा करना भी उसी सोच का नतीजा है जिसमें वो अंबिकापुर की आम जनता की सेवा न कर, राजकुमार कॉलेज के धनाढ्य वर्ग के विद्यार्थियों की देखभाल करने को अपना भविष्य व विकल्प देखते हैं। भाजपा प्रदेश मंत्री ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए उडऩखटोले एवं हवाई जहाज की भरपूर सेवाएं प्राप्त करते हैं जबकि भाजपा के विधायकों को जब वो विपक्ष में थे तो सरगुजा में शासकीय मंचों पर भी सवार होने की इजाजत नहीं थी। सरगुजा क्षेत्र में इन दस वर्षों में सरकार ने बिना किसी भेदभाव के विश्वविद्यालय, मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज, नेशनल हाइवे का निर्माण, यहां तक कि अंबिकापुर के रिंग रोड हेतु मात्र 11 किलोमीटर पर 100 करोड़ रुपए देकर यह सिद्ध कर दिया कि सरकार के मन में दल नहीं सिर्फ जनहित है।

प्रतापपुर रोड, बिलासपुर रोड, रायगढ़ रोड व मनेंद्रगढ़ रोड हेतु हजारों-करोड़ आजादी के बाद पहली बार खर्च किए जा रहे हैं। अंग्रेजों द्वारा बनाए गए पुल जो कालातीत हो चुके थे, उनके नवनिर्माण की प्रक्रिया भाजपा सरकार द्वारा शुरू की गई। फिर भी यह बोलना सरकार भेदभाव कर रही है, समझ से परे है।


भाजपा शासन की तुलना मनमोहन सरकार से करना हास्यास्पद
भाजपा प्रदेश मंत्री ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष भाजपा सरकार की तुलना पूर्व की मनमोहन सिंह सरकार से कर रहे हैं जिसने सरगुजा को अंगूठा के सिवा और कुछ नहीं दिया। यह और भी हास्यास्पद है। साथ ही भविष्य में कांग्रेस सरकार आने पर भेदभाव नहीं करने का जो ऐलान नेता प्रतिपक्ष ने किया है, उससे यह स्पष्ट होता है कि वह दिन में भी सपने देखने से नहीं चूकते।

कांग्रेस की सरकार अब भविष्य में 2019 तक पंजाब को छोड़कर और कही नहीं नजर आएगी। जनता ने सरगुजा और छत्तीसगढ़ में पूर्व में 50 साल का अवसर देकर कांग्रेस की सरकार के कार्यकाल का परीक्षण कर लिया है अब सरगुजा के 7 कांग्रेस विधायक के बोझ से भी आम जनता त्रस्त हो चुकी है और जल्द से जल्द इनसे मुक्ति चाहती है।