
Chhattisgarh Employees News ( Patrika File Photo )
Ambikapur Firing Incident: अंबिकापुर शहर के देवीगंज रोड क्षेत्र में शुक्रवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब होटल देव के पास फायरिंग की घटना सामने आई। बताया जा रहा है कि मौके पर दो राउंड फायर किए गए, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय व्याप्त हो गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
फायरिंग की सूचना मिलते ही सरगुजा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) अमोलक सिंह सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने तत्काल क्षेत्र की घेराबंदी कर होटल परिसर और आसपास के इलाकों में सघन जांच शुरू की। रातभर चली पुलिस कार्रवाई में इस मामले से जुड़ी कुल पांच लाइसेंसी बंदूकें जब्त किए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इन हथियारों की भूमिका की गहन जांच की जा रही है और संबंधित लोगों से पूछताछ जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, होटल देव के संचालक के पुत्र हनी सिंह ने आरोप लगाया है कि कुछ लोगों ने रात में उनकी गाड़ी का पीछा किया और बार-बार ओवरटेक किया। जब हनी सिंह अपनी गाड़ी लेकर होटल परिसर स्थित घर पहुंचे, उसी दौरान फायरिंग की घटना हुई। हालांकि, फायरिंग किसने की और किन परिस्थितियों में गोलियां चलाई गईं, इसका स्पष्ट खुलासा अब तक नहीं हो पाया है।
पुलिस इस घटना को आपसी वर्चस्व की लड़ाई से जोड़कर भी देख रही है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि विवाद किसी पुरानी रंजिश या प्रभाव क्षेत्र को लेकर हो सकता है। फिलहाल पूरे मामले की जांच वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में की जा रही है।
घटना के बाद शहर में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है। पुलिस ने अंबिकापुर में गश्त बढ़ा दी है और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों को किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से शांति बनाए रखने की अपील की है और भरोसा दिलाया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन पुलिस पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है।
Published on:
07 Feb 2026 09:04 am
बड़ी खबरें
View Allअंबिकापुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
