
wine
बैकुंठपुर/जनकपुर. कोरिया जिले के कोटाडोल पुलिस ने मध्यप्रदेश से अवैध शराब लाकर बिक्री करने और गांव में महुआ शराब बनाने की सूचना पर छापा मारा था। इस दौरान पुलिस टीम को ग्रामीण के घर से देशी शराब बनाने की तैयारी में रखा दो डिब्बा में सड़ाया हुआ महुआ मिला।
मामले में छापा मारने वाली टीम पर सोशल मीडिया में महिला के घर से करीब डेढ़ लाख रुपए व सोने-चांदी के जेवर लूटने के मैसेज वायरल हो गए। मामले में एसडीओपी का कहना है कि हमारे पास ऐसी कोई शिकायत नहीं आई है।
कोरिया जिले के जनकपुर, कोटाडाल थाना को मुखबिर से ग्राम नेरुआ में मध्यप्रदेश से भारी मात्रा में अवैध शराब लाकर बिक्री करने और गांव में महुआ शराब बनाने की सूचना मिली थी। मामले में थाना की टीम एसआई एमआर भगत के नेतृत्व में बुधवार रात करीब 8.30 बजे दल-बल के साथ कार्रवाई करने पहुंची। पुलिस टीम ग्रामीण चंद्रप्रताप (चंदू) का घर समझकर दूसरे के यहां घुस गई।
इस दौरान आनन-फानन में टीम बाहर निकली। सूत्रों का कहना है कि पुलिस टीम ने जिस व्यक्ति से ग्रामीण चंदू के घर का पता पूछा, वह चंदू ही था। उसने पुलिस टीम को दूसरे के घर को अपना बता दिया था। पुलिस जब तक उस घर से लौटी, चंदू ने अंग्रेजी शराब की पेटी को झाड़ी में फेंक दिया और छिप गया। इस दौरान ग्रामीण चंदू की पत्नी बाहर निकली और चंदू के संबंध में पूछताछ करने पर गाली गलौज करने लगी।
मामले में पुलिस टीम ग्रामीण के घर में घुसकर तलाशी लेने लगी। इससे घर के पटांव (छत) से एक मटके में कच्ची शराब और दो बड़े डिब्बे में 15-15 लीटर शराब बनाने महुआ सड़ाया हुआ मिला।
पुलिस टीम को देखकर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी पहुंच गए और ग्रामीणों को बरामद माल दिखाया गया। वहीं दूसरी ओर सोशल मीडिया में पुलिस टीम पर महिला के घर से करीब डेढ़ लाख, गहना-जेवर लूटने के मैसेज वायरल होने लग गए।
पेटी मिली तो महिला ने कहा- इसमें 20 लाख हैं
जानकारी के अनुसार छापामार कार्रवाई में चावल रखने का एक बड़ी पेटी मिली थी जिसमें ताला लगा था, लेकिन महिला ने चाबी नहीं दी। जब पेटी को तोड़ा गया तो उसमें 5-6 शराब के खाली डिब्बे और छोटे-छोटे डिब्बे रखे गए थे। इसके अलावा नकद राशि थी और बड़ी पेटी नकद राशि से आधी भरी थी। महिला से पूछने पर बताया कि उसे नहीं मालूम है, फिर भी करीब 20 लाख रुपए होंगे।
घर में इतनी राशि होने के सवाल पर महिला जवाब नहीं दे पाई। पुलिस टीम ने नकद राशि को महिला को सौंप दिया और पेटी में चाइना ताला लगाकर गाड़ी में बैठा दिया गया। इससे महिला की बेटियां व ग्रामीणों ने रोना-गाना शुरू कर दिया और मां को छोडऩे की गुहार लगाई।
वहीं बेटियां अपने पिता को खोजने चली गईं। लेकिन काफी देर बाद भी नहीं लौटीं। पुलिस टीम के कुछ सदस्यों को भी खोजने भेजा गया था। मामले में महिला को उसके घर छोड़ दिया गया और महिला अपने घर पहुंचकर 500-500 के 20 नोट गिनने लगी थी।
साहब, 10 हजार ले लीजिए, लेकिन कार्रवाई मत कीजिए
जानकारी के अनुसार पुलिस टीम के सामने महिला गिड़गिड़ाते हुए बोली- साहब पति और मेरे ऊपर कार्यवाही मत कीजिए, अभी आप लोग 10 हजार रुपए ले लीजिए। नकद राशि को जब्त करने की बात पर महिला बोली जब्त मत कीजिए, दूसरे लोग पुराना पैसा बदलने के लिए छोड़ गए थे।
यह उसी का पैसा है। नकद राशि जब्त हो जाएगी तो कहां जाऊंगी। इस दौरान उसके साथ बच्चे भी रोने लग गए। मामले में पुलिस टीम ने नकद राशि और अपने पति को लेकर थाने आने की बात कहकर चले गए।
रुपए लूट की नहीं मिली है शिकायत
अवैध शराब की बिक्री करने व महुआ शराब बनाने की सूचना पर छापामार कार्रवाई की गई थी। इस दौरान कुछ मात्रा में देशी शराब और दो डिब्बा में सड़ाया हुआ महुआ बरामद किया गया था। जिस पर आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। कार्रवाई के संबंध में किसी प्रकार की मौखिक या लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। शिकायत मिलने पर नियमानुसार जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
अनुज कुमार गुप्ता, एसडीओपी मनेंद्रगढ़
Updated on:
07 Oct 2017 04:58 pm
Published on:
07 Oct 2017 04:53 pm
बड़ी खबरें
View Allअंबिकापुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
