
both accused arrested from Jharkhand
अंबिकापुर. Crime News: ऑनलाइन ठगी के मामले में सरगुजा पुलिस ने अंतरराज्यीय ठग गिरोह के दो सदस्यों को झारखंड के देवघर से गिरफ्तार किया है। इन दोनों ने अंबिकापुर की एक महिला के मोबाइल पर फोन कर फोन- पे के ऑफर का लालच देकर एक लाख रुपए की ऑनलाइन ठगी (Online swindle) की थी। ठगी करने वाला एक आरोपी 8वीं तक पढ़ा है। जबकि दूसरा बीए का छात्र है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर उन्हें जेल दाखिल कर दिया है। (Crime news)
कुछ दिन पूर्व शहर के बाबूपारा निवासी एक युवती के मोबाइल पर फोन आया था और उससे पूछा गया कि आप कौन सा फोन-पे यूज करतीं हैं, ऑफर आया है। युवती बताई की मैं फोन-पे यूज नहीं करतीं हूं। इस दौरान ठगों ने कहा कि आपके आस पास कोई यूज करता है तो उससे बात कराओ, ऑफर की जानकारी देनी है।
युवती ने पड़ोस की महिला साधना मरावी से बात कराई। ठगों ने साधना मरावी को ऑफर की बात कहकर उसे झांसे में लिया और उसके मोबाइल पर एनिडेस्क डाउन लोड कराया, फिर ठगों द्वारा जैसा कहा गया वैसे ही करती गई।
इसके बाद दो बार में उसके खाते से कुल 99 हजार 9 सौ 99 रुपए ऑनलाइन कट गए। पीडि़ता ने इसकी रिपोर्ट कोतवाली (Kotwali Ambikapur) में दर्ज कराई थी। पीडि़ता की रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धारा 420 व 66 डी आईटी एक्ट कायम कर जांच शुरू की।
साइबर सेल की मदद से टीम को मिली सफलता
एसपी भावना गुप्ता के निर्देश पर शीघ्र कार्रवाई व आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया था। एएसपी विवेक शुक्ला, सीएसपी स्मृतिक राजनाला व एसडीओपी अखिलेश कौशिक के नेतृत्व में निरीक्षक विजय प्रताप सिंह एवं गठित विशेष टीम द्वारा अरोपियों की पतासाजी की जा रही थी।
साइबर सेल की मदद से आरोपियों की तलाश में टीम झारखंड के देवघर रवाना हुई थी। यहां विशेष टीम के सतत प्रयास से आरोपी सचिन दास एवं पंकज कुमार दास दोनों निवासी देवघर झारखंड से गिरफ्तार कर लिए गए। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने फोन-पे के माध्यम से ऑनलाइन ठगी करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर जेल दाखिल कर दिया है।
कार्रवाई में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रुपेश नारंग, सहायक उप निरीक्षक डेविड मिंज, प्रधान आरक्षक संतोष कश्यप, रवि शंकर भगत, आरक्षक मनीष सिंह, चंचलेश सोनवानी, देवेंद्र पाठक, विकाश मिश्रा, जानकी राजवाड़े, सुयश पैकरा महेंद्र सिंह नाग, लाल भुवन पैकरा शामिल रहे।
फोन कर कई जगह कर चुके हैं ठगी
दोनों आरोपी ऑनलाइन ठगी के मामले में काफी शातिर हैं। वे अब तक कई लोगों को अपना शिकार बना चुके हैं। जबकि आरोपी पंकज काफी कम पढ़ा लिखा है। इसके बावजूद भी मोबाइल व लैपटॉप की तकनीकी जानकारी में एक्सपर्ट होने से ऑनलाइन ठगी कर लोगों को लाखों रुपए का चूना लगाता है। दूसरा आरोपी सचिन बीए का छात्र है।
Published on:
12 Nov 2022 05:13 pm

बड़ी खबरें
View Allअंबिकापुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
