
Bike
अंबिकापुर. शहर में चोरी की वारदात थमने का नाम नहीं ले रही है। घरों का ताला टूटने के साथ साथ चोरों के निशाने पर बाइक भी है। शातिराना अंदाज में अपराधी बाइक चोरी की घटना को दिन दहाड़े अंजाम दे रहे हैं। आलम यह है कि चोर इतने बेखौफ हो चुके है कि बाइक मालिक के सामने से बाइक लेकर फरार हो जा रहे हैं।
लगातार हो रही बाइक चोरी की वारदात से पुलिस की नाकामी भी सामने आ रही है। ऐसा ही एक मामला सामने आया जहां बाइक मालिक के सामने से देखते ही देखते एक चोर बाइक लेकर फरार हो गया। हालांकि बाइक मालिक ने अपने दोस्त के साथ चोर का पीछा किया और खडग़वां पुलिस की सक्रियता से बाइक सहित चोर को गिरफ्तार कर लिया गया।
गांधीनगर थानांतर्गत मुक्तिपारा निवासी 25 वर्षीय प्रवेश कुमार उम्र बाइक से अपने दोस्त रामसाय को बुधवार की दोपहर कल्याणपुर छोडऩे जा रहा था। इसके अलावा एक बाइक पर उनके दो और दोस्त थे। चारों दोस्त गैस गोदाम के पास स्थित आनंद होटल में बाइक खड़ी कर नाश्ता करने अंदर गए। वहीं आरोपी चोर होटल से बाहर निकल रहा था।
चारों को होटल के अंदर जाता देख आरोपी प्रवेश कुमार की बाइक के पास खड़ा हो गया और बाइक का लॉक तोड़ चोरी करने का प्रयास करने लगा। इधर चारों दोस्त होटल से नाश्ता कर बाहर निकले तो उनके ही नजर के सामने से आरोपी बाइक लेकर फरार हो गया।
आरोपी को बाइक लेकर भागता देख युवक उसका पीछा करने लगे, जैसे ही आरोपी ने खडग़वां थाना क्रॉस किया युवकों ने उसका पीछा करना छोड़ थाने में जा कर मामले की जानकारी दी।
पुलिस ने किया गिरफ्तार
चोरी की शिकायत मिलते ही खडग़वां पुलिस सक्रिय हो गई और चोर को पकडऩे के लिए घेराबंदी करने लगी। पुलिस ने आरोपी को ग्राम जगरनाथपुर से बाइक सहित गिरफ्तार कर लिए। इधर खडग़वां पुलिस ने जीरो कायम कर आरोपी चोर और बाइक को गांधीनगर पुलिस के हवाले कर दिया।
आरोपी ने पूछताछ के दौरान अपना नाम कोमल मिस्त्री पिता राम प्रसाद उम्र 26 वर्ष जिला कबीरधाम का निवासी बताया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 379 के तहत अपराध दर्ज कर उसे जेल दाखिल कर दिया।
Published on:
5 Jul 2018, 9:53 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.