
Police beaten young man
अंबिकापुर. जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर के मुख्य गेट के बाहर खड़े 2 पुलिस कर्मियों के साथ रविवार की शाम एक युवक का विवाद हो गया। इस पर पुलिसकर्मियों ने हाथ व जूतों से उसकी पिटाई शुरु कर दी। इस दौरान पूर्व पार्षद बीच-बचाव करने पहुंचे तो पुलिस जवानों ने उन्हें भी पीटा। इसके बाद पूरा मामला कोतवाली पहुंच गया। पूर्व पार्षद ने थाने में पुलिसकर्मियों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई है।
अंबिकापुर न्यायालय परिसर के बाहर ड्यूटी कर रहे आरक्षकों सलीम अली व संजीव पांडेय का ग्राम सरगवां निवासी हिमांशु जायसवाल से रविवार की शाम करीब 5 बजे किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इस पर दोनों आरक्षकों ने उसकी पिटाई शुरु कर दी। यह देख कई पुलिसकर्मी भी वहां पहुंच गए और उसपर टूट पड़े।
इस दौरान एक आरक्षक ने जूते से उसकी पिटाई की। युवक पुलिसकर्मियों से पूरी तरह घिर चुका था। मौके पर काफी लोगों की भीड़ भी जुट गई थी। इसी दौरान सत्तीपारा के पूर्व पार्षद संदीप सोनी ने वहां पहुंचकर बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो पुलिसकर्मियों ने उनकी ही धुनाई शुरू कर दी।
इसकी जानकारी लगते ही कोतवाली टीआई विनय सिंह बघेल मौके पर पहुंच पूर्व पार्षद को पकड़कर थाने ले आए। पूर्व पार्षद ने कोतवाली में आरक्षक सलीम अली व संजीव पाण्डेय के खिलाफ शिकायत भी दर्ज कराई है। जबकि अभी तक पुलिसकर्मियों द्वारा किसी के खिलाफ कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है।
शराब पीने से किया था मना
इस संबंध में हिमांशु जायसवाल ने आरोप लगाया है कि उसके सरगवां स्थित प्लॉट में शनिवार की रात आरक्षक सलीम अली व संजीव पाण्डेय शराब पी रहे थे। इसे लेकर उसने मना किया और वहां से जाने को कहा।
इस बात से नाराज होकर पुलिसकर्मियों ने रात में उसके घर में घुसकर परिजन को धमकाया था। बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर हिमांशु अपने अन्य दोस्तों के साथ कोर्ट के पास पहुंचा था और पुलिसकर्मियों से विवाद शुरु कर दिया था।
Published on:
2 Sep 2018, 8:29 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.