उदयपुर। गुरुवार को जनपद सभाकक्ष उदयपुर में रामचरितमानस गायन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में उदयपुर जनपद की 10 टीमों शिव शक्ति मानस मंडली तोलगा, जय श्री शारदा मंडली दावा, जागृति रामायण मानस मंडली, शिव शक्ति मानस मंडली झिरमिटी, जय श्रीराम मानस मंडली कलचा, प्रेमसागर रामायण मानस मंडली मानपुर, नव युवा एकता रामायण मंडली जजगी, राम रामायण मंडली सितकालो, सरस्वती रामायण मंडली गुमगा, श्रीरामचरित युवा मानस मंडली पुटा, जय श्री मानस मंडली सोनतराई ने भाग लिया।
सभी टीमों द्वारा आकर्षक प्रस्तुति निर्णायक मंडली देवनारायण यादव, डीपी सिंह, राजनाथ सिंह एवं श्रोताओं के समक्ष दी गई। निर्णायक मंडल की टीम द्वारा सभी टीमों को अलग-अलग अंक प्रदान किया गया। इनमें शिवशक्ति मानस मंडली तोलगा ने सबसे अधिक 88 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया।
वहीं जय श्री मानस मंडली सोनतलाई ने 78 अंक हासिल कर दूसरा स्थान तथा जागृति रामायण मानस मंडली मोहनपुर ने 75 अंक हासिल कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। रामायण मंडली के विजय प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। पूर्व में आयोजित प्रतियोगिता के चेक वितरण का कार्यक्रम भी किया गया।
पूर्व की विजेता टीम को 10 हजार का चेक तथा प्रतियोगिता में शामिल समस्त मानस मंडलियों को पांच-पांच हजार का चेक प्रदान किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित विधायक प्रतिनिधि सिद्धार्थ सिंह देव, जनपद अध्यक्ष भोजवंती सिंह, उपाध्यक्ष नीरज मिश्रा तथा अन्य अतिथियों द्वारा प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह और चेक प्रदान किया गया।
विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता संपन्न
बलरामपुर। जनपद पंचायत बलरामपुर के सभा कक्ष में विकासखंड स्तरीय रामायण मण्डली कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विकासखंड की 09 टीमों ने भाग लिया। कार्यक्रम में सभी रामायण मंडली टीमों द्वारा रामायण पर आधारित प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम के निर्णायकों द्वारा ग्राम पस्ता की श्रीराम मानस मंडली को प्रथम चुना गया। इसी प्रकार ग्राम ओबरी की प्रेमसदभाव मानस मंडली द्वितीय तथा ग्राम तरकाखांड की बजरंबली मानस मंडली की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम में जनपद सीईओ केके जायसवाल, गणमान्य नागरिक विनोद तिवारी, रिपुजीत सिंहदेव, संजीत गुप्ता विकासखंड स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी सहित ग्रामीणजन उपस्थित थे।