
US Military Planes Including WWII Bomber Collide in Fiery Mid-Air Crash/ video grab photos
अमेरिका के दो ऐतिहासिक सैन्य विमान डलास में एक एयर शो के दौरान टकराकर हवा में ही टुकड़े—टुकड़े हो गए। विस्फोट हुआ और आसमान में काला धुआं छा गया। यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि इनमें कितने लोग सवार थे। डलास एक्जीक्यूटिव एयरपोर्ट पर घटनास्थल के समाचार फुटेज में हवाईअड्डे की परिधि के भीतर घास के मैदान में विमानों के टुकड़े फैल गए हैं। एयर शो करने वाली कंपनी के अनुसार विमानों में से एक बी-17 फ्लाइंग फोर्ट्रेस बमवर्षक ( B-17 Flying Fortress bomber) है, जिसमें आमतौर पर चार से पांच लोगों का दल होता है। दूसरा पी-63 किंगकोबरा लड़ाकू विमान (P-63 Kingcobra fighter aircraft) में एक ही पायलट होता है।
डलास के मेयर बोले, यह हादसा दिल तोड़ देने वाला
डलास के मेयर एरिक जॉनसन (Dallas Mayor Eric Johnson) ने ट्विटर पर कहा, 'वीडियो दिल दहला देने वाले हैं।' फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन ने एक बयान में कहा कि विमान स्थानीय समयानुसार शनिवार को दोपहर करीब 1:20 बजे टकराए। टक्कर एयरफोर्स के एक एयर शो (Commemorative Air Force Wings Over Dallas show) के दौरान हुई।
अब म्यूजियम की शोभा बढ़ा रहे ऐसे विमान
भीमकाय चार इंजन वाले बमवर्षक विमान बी-1 का इस्तेमाल द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान अमरीका ने जर्मनी (Germany) के खिलाफ किया था। वहीं, अमेरिकी लड़ाकू विमान किंगकोबरा का इस्तेमाल ज्यादातर सोवियत सेना ने युद्ध के दौरान किया था। बोइंग के अनुसार, अधिकांश बी-17 द्वितीय विश्व युद्ध का अंत आते—आते नष्ट हो गए थे। ऐसे कुछ मुट्ठी भर विमान ही बचे हैं, जो संग्रहालयों और एयर शो की शोभा बढ़ाने के काम आते हैं।
ऐसे एयर शो की सुरक्षा पर उठता रहा है सवाल
पुराने सैन्य विमानों के साथ एयर शो एक चिंता का विषय रहा है। 2011 में, नेवादा के रेनो में 11 लोग मारे गए थे, जब एक पी-51 मस्तंग दर्शकों के बीच जा गिरा था। 2019 में, कनेक्टिकट के हार्टफोर्ड में एक बमवर्षक दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सात लोगों की मौत हो गई। एक जांच के अनुसार 1982 से 21 दुर्घटनाओं में 23 मौतें हुईं हैं, इनमें से कई में द्वितीय विश्व युद्ध के समय के बमवर्षक शामिल थे।
Updated on:
13 Nov 2022 10:05 am
Published on:
13 Nov 2022 09:49 am
बड़ी खबरें
View Allअमरीका
विदेश
ट्रेंडिंग
