
वाशिंगटनः अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आगाह किया है कि अगर उन पर महाभियोग चलाया गया तो शेयर मार्केट धराशायी हो जाएगा। गुरूवार को एक अमरीकी न्यूज चैनल ने ट्रंप का साक्षात्कार प्रसारित किया। एक सवाल का जवाब देते हुए ट्रंप ने कहा कि मुझे लगता है कि महाभियोग चलने से बाजार में गिरावट आएगी और इससे हर कोई गरीब हो जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे देश की आर्थिक स्थिति खराब हो जाएगी और लोग बेरोजगार हो जाएंगे।
ट्रंप पर महाभियोग चलने की अटकलें
ऐसी अटकलें लगाई जा रही है कि पूर्व अधिवक्ता माइकल कोहेन द्वारा कोर्ट में जुर्म स्वीकार किए जाने के कारण ट्रंप को अगले कुछ महीनों में महाभियोग का सामना करना पड़ सकता है। दरअसल एक दशक से भी अधिक समय तक ट्रंप के निजी वकील रह कोहेन को कर चोर, बैंक धोखाधड़ी और वित्त कानूनों के उल्लंघन सहित आठ मामलों में दोषी ठहराया गया है। बता दें कि अमरीका में नवंबर महीने में मध्यावधि चुनाव होने जा रहा है। अगर इस चुनाव में विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी को बहुमत मिल जाता है तो ट्रंप की कुर्सी खतरे में पड़ जाएगी और उन पर डेमोक्रेट्स महाभियोग चलाने की पूरी कोशिश करेंगे।
ट्रंप के खिलाफ बयान देंगे कोहेन
उधर, डोनाल्ड ट्रंप के पूर्व वकील माइकल कोहेन का कहना है कि वह अमरीकी राष्ट्रपति के चुनाव प्रचार में रूस के साथ कथित सांठगांढ की जांच में सहयोग देकर बहुत खुश हैं। कोहेन ने कहा है कि वह ट्रंप के बारे में सब कुछ बताने के लिए तैयार है। ट्रंप ने चुनाव के दौरान रूस के किसी तरह की सांठगांठ से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि कोहेन मनगढ़ंत कहानियां गढ़ रहा है।
Updated on:
23 Aug 2018 07:25 pm
Published on:
23 Aug 2018 06:02 pm
बड़ी खबरें
View Allअमरीका
विदेश
ट्रेंडिंग
