‘जब तक मैं नहीं कहूंगा, ईरान पर हमले जारी रहेंगे’, डोनाल्ड ट्रंप की ईरान को सीधी धमकी, बिजली घर और पुल भी निशाने पर

US Iran War: डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को खुली चेतावनी दी है। ट्रंप ने कहा कि ईरान पर हमले तब तक नहीं रुकेंगे जब तक वो खुद नहीं चाहेंगे।
2 min read
Jul 15, 2026
Donald Trump statement, Strait of Hormuz blasts
ईरान को ट्रंप की नई चेतावनी | फोटो सोर्स- IANS

Donald Trump: अमेरिका और ईरान के बीच फिर से तनाव बढ़ गया है। इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि यदि तेहरान जल्द बातचीत की मेज पर नहीं लौटता, तो अमेरिका अगले सप्ताह से ईरान के पावर प्लांट और प्रमुख पुलों को निशाना बनाएगा। ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका आने वाले दिनों में ईरान के खिलाफ अपने सैन्य अभियान को और तेज करेगा।

फॉक्स न्यूज को दिए इंटरव्यू में अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि हम आज रात भी हमला करेंगे, कल रात भी करेंगे और अगले हफ्ते हालात ईरान के लिए और गंभीर हो जाएंगे। अगले सप्ताह उनके बिजली संयंत्र और पुल हमारे निशाने पर होंगे। यदि वे बातचीत के लिए तैयार नहीं होते हैं, तो हम उनके सभी पावर प्लांट और पुलों को तबाह कर देंगे।

बता दें कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका लगातार चौथे दिन ईरान पर सैन्य हमले कर रहा है। पश्चिम एशिया में तनाव कम करने के लिए अमेरिका और ईरान के बीच हुआ समझौता (एमओयू) विफल होने के बाद दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ गया है।

दोनों देशों के बीच बातचीत जारी

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिका और ईरान के प्रतिनिदियों के बीच संपर्क बना हुआ है, लेकिन ट्रंप प्रशासन का कहना है कि जब तक ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) में समुद्री यातायात पर प्रतिबंध जैसी गतिविधियां जारी रखेगा, तब तक सार्थक वार्ता आगे नहीं बढ़ सकती।

जब तक चाहेंगे, अभियान जारी रहेगा

इंटरव्यू के दौरान सैन्य अभियान की अवधि को लेकर पूछे गए सवाल पर ट्रंप ने कहा कि हवाई हमले तब तक जारी रहेंगे, जब तक वे स्वयं उन्हें रोकने का फैसला नहीं करते। उन्होंने ईरान में अमेरिकी जमीनी सेना भेजने की संभावना से भी इनकार नहीं किया, फिलहाल वे दूसरे विकल्पों को प्राथमिकता देना चाहते हैं।

ट्रंप ने कहा कि कभी-कभी जमीनी अभियान की जरूरत पड़ती है, लेकिन हमारे पास ऐसे लोग हैं जो हमारे लिए जमीनी अभियान चला सकते हैं।

ईरान को फिर दी चेतावनी

ट्रंप ने ईरान पर दबाव बढ़ाते हुए कहा कि बेहतर होगा कि आप समझौता कर लें। अगर ऐसा नहीं किया तो आपके पास कुछ भी नहीं बचेगा। उन्होंने यह भी दावा किया कि अमेरिकी सेना नागरिकों की सुरक्षा का पूरा ध्यान रख रही है।

Updated on:
15 Jul 2026 07:51 am
Published on:
15 Jul 2026 07:15 am
Also Read
View All