
तेल के जहाजों पर मिसाइल से हमला | फोटो सोर्स- X(@UK_MTO)
UAE Oil Tanker News: होर्मुज स्ट्रेट में तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि उसके दो तेल टैंकरों पर ईरान की क्रूज मिसाइलों से हमला किया गया। इस हमले में एक नाविक की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। यूएई की सरकारी तेल कंपनी ADNOC की शिपिंग इकाई ने भी दोनों जहाजों को गंभीर नुकसान पहुंचने की पुष्टि की है।
यूएई के रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, मोंबासा बी (Mombasa B) और अल बह्या (Al Bahyah) नाम के दो तेल टैंकर होर्मुज स्ट्रेट के दक्षिणी मार्ग से गुजर रहे थे। उस समय वे ओमान के क्षेत्रीय जल में थे, जहां उन पर ईरान की क्रूज मिसाइलों से हमला किया गया। मंत्रालय ने कहा कि दोनों जहाजों को निशाना बनाया गया, जिससे उन्हें भारी नुकसान पहुंचा। हमले में एक नाविक की मौत हुई है, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं।
इस बीच, यूनाइटेड किंगडम मैरिटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (UKMTO) ने भी एक अलग सूचना जारी की है। एजेंसी के अनुसार, 13 जुलाई को ओमान के लिमाह (Limah) से लगभग 13 समुद्री मील दक्षिण-पूर्व में एक तेल टैंकर मिसाइल की चपेट में आया। UKMTO के मुताबिक, यह जहाज होर्मुज स्ट्रेट से दक्षिणी मार्ग के जरिए बाहर निकल रहा था। इससे पहले एजेंसी ने ओमान के कलहात (Qalhat) से करीब 40 समुद्री मील उत्तर-पूर्व में एक अन्य टैंकर के किसी अज्ञात प्रोजेक्टाइल की चपेट में आने की भी सूचना दी थी। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि UKMTO जिन दोनों घटनाओं का जिक्र कर रहा है, वे यूएई द्वारा बताए गए उन्हीं दो टैंकरों से जुड़ी हैं या नहीं।
यूएई की सरकारी तेल कंपनी अबू धाबी नेशनल ऑयल कंपनी (ADNOC) की शिपिंग इकाई ADNOC L&S ने भी हमले की पुष्टि की है। कंपनी ने बताया कि उसके दोनों बहुत बड़े कच्चे तेल वाहक (Very Large Crude Carriers) मोंबासा बी और अल बह्या होर्मुज स्ट्रेट से गुजरते समय प्रोजेक्टाइल की चपेट में आए, जिससे उन्हें 'गंभीर क्षति' पहुंची।
कंपनी ने बयान में कहा कि वह नागरिक जहाजों और उन पर तैनात निर्दोष नाविकों पर हुए इस हमले की कड़ी निंदा करती है। साथ ही बताया कि वह राहत एवं बचाव एजेंसियों तथा अन्य संबंधित पक्षों के साथ मिलकर स्थिति पर काम कर रही है।
Updated on:
14 Jul 2026 03:15 pm
Published on:
14 Jul 2026 02:35 pm
बड़ी खबरें
View Allविदेश
ट्रेंडिंग
