
BJP Sansad Roodmal Nagar Viral Video: मध्यप्रदेश के आगर जिला मुख्यालय पर स्थित नवीन मंडी में 9 अक्टूबर को बलराम कृषि महोत्सव का आयोजन किया गया था। इस आयोजन में राजगढ़ सांसद रोडमल नागर भी शामिल हुए थे। कार्यक्रम के बाद का एक वीडियो रविवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में किसान सांसद रोडमल नागर से बिजली की समस्या को लेकर सवाल पूछ रहा है जिस पर सांसद जबाव देने के बजाय कैमरा ही बंद करवाते नजर आ रहे हैं।
जो वीडियो सामने आया है उसमें सांसद रोडमल नागर से बिजली समस्या को लेकर किसान सवाल पूछता है, इस पर सांसद उससे कहते हैं कि बिजली की अभी समस्या है, कुछ समय के लिए और इतना कहने के बाद तुरंत कैमरा बंद करने के लिए कहते हैं, वो कैमरे पर हाथ भी रखते हैं। हालांकि कैमरा बंद नहीं होता है और पूरी बातचीत रिकॉर्ड हो गई। इसके बाद वीडियो में किसान और सांसद के बीच कुछ बातचीत और हुई जो क्लियर नहीं है और फिर सांसद रोडमल नागर वहां से आगे बढ़ गए।
सांसद रोडमल नागर का कैमरा बंद कराने वाला वीडियो रविवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो पर तरह तरह के कमेंट्स भी आ रहे हैं और यूजर्स अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। बताया जा रहा कि किसानों को उम्मीद थी कि सांसद को बिजली समस्या के बारे में बताने पर उसका कुछ हल निकलेगा लेकिन जो हुआ उसने एक अलग ही मोड़ ले लिया।