
Susner MLA : मध्यप्रदेश के आगर मालवा जिला मुख्यालय के सुसनेर में शोक पसरा है। यहां के विधायक भैरोसिंह परिहार बापू के बेटे गजेंद्रसिंह का दुखद निधन हो गया। वे बड़ौद स्थित निवास पर थे लेकिन अचानक हृदयघात हुआ। गजेंद्रसिंह को तुरंत अस्पताल लाया गया लेकिन बचाया नहीं जा सका। गुरुवार को उनका अंतिम संस्कार पुश्तैनी गांव में किया गया जहां बड़ी संख्या में उपस्थित नेताओं, परिचितों, रिश्तेदारों ने गजेंद्र सिंह को नम आंखों से अंतिम विदाई दी। बेटे के निधन पर विधायक भैरोसिंह परिहार व्यथित हो उठे। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपना दुख व्यक्त किया। खास बात यह है कि विधायक भैंरोसिंह परिहार के बड़े पुत्र महेंद्रसिंह की भी असामयिक मौत हुई थी। इस तरह विधायक बापू 2 साल में अपने दो बेटों को खो बैठै।
गजेंद्र सिंह को गुरुवार सुबह सीने में तेज दर्द उठा था। उन्हें तुरंत आगर के एक अस्पताल ले गए जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। बेटे के निधन की सूचना मिलते ही विधायक भैरोंसिंह आगर पहुंचे और बेटे का शव देख भावुक हो गए। गजेंद्रसिंह का अंतिम संस्कार झालावाड़ जिले में स्थित पैतृक गांव रतनपुरा में किया गया। हजारों लोगों के साथ अंतिम यात्रा में तराना विधायक महेश परमार,डग विधायक कालूराम मेघवाल भी शामिल हुए।
युवा पुत्र गजेंद्र सिंह की मौत से विधायक बापू व्यथित हो उठे। उन्होंने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट करते हुए अपना दुख व्यक्त किया। बुरी बात यह है कि उनके परिवार के लिए यह दूसरी ऐसी त्रासदी है जिसने परिजनों की खुशियों को गहरे दु:ख में बदल दिया है। विधायक भैरोंसिंह परिहार के बडे पुत्र महेंद्र सिंह की भी 2 साल पहले दुखद मौत हो गई थी। उनके दोनों जवान पुत्र अब इस दुनिया में नहीं रहे।
विधायक भैरोसिंह परिहार के बेटे बड़े महेंद्रसिंह परिहार का निधन 6 मार्च 2024 को हुआ था। वे गंभीर रूप से बीमार हो गए थे। युवा महेंद्र सिंह ने सन 2018 में कांग्रेस के टिकट पर सुसनेर से चुनाव लड़ा था हालांकि वे हार गए थे। तब वे महज 28 साल के थे।
महेंद्रसिंह परिहार उस समय आगर-मालवा जिला पंचायत के सदस्य थे। क्षेत्र में सौंधिया ठाकुर समाज का बाहुल्य है। समाज के 35 हजार से ज्यादा मतदाता हैं। विधानसभा के मुकाबले में निर्दलीय प्रत्याशी विक्रम सिंह राणा को 75804 वोट मिले, जबकि कांग्रेस के उम्मीदवार के रूप में महेंद्र सिंह परिहार 48742 वोट प्राप्त कर दूसरे स्थान पर रहे थे। गौरतलब है कि उस समय टिकट की दौड़ में उनके पिता भेरूसिंह परिहार और माता रमेशकुंवर बाई का नाम भी चल रहा था। वे 10 साल तक बड़ौद नगर पंचायत की अध्यक्ष थीं। महेंद्र की पत्नी रामकुंवर भी बड़ौद की जनपद पंचायत अध्यक्ष रह चुकी हैं।