
Agar Malwa Rohini Ghavari Election Announcement: मध्यप्रदेश के इंदौर की रहने वाली रोहिणी घावरी ने उत्तर प्रदेश के नगीना से सांसद चंद्रशेखर रावण के खिलाफ चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। सियासत में नई राजनीतिक पारी शुरू करने की तैयारी कर रहीं रोहानी घावरी मंगलवार को देर रात आगर-मालवा जिले के नलखेड़ा पहुंचीं। यहां उन्होंने विश्व प्रसिद्ध मां बगलामुखी मंदिर में दर्शन-पूजन कर विशेष हवन-अनुष्ठान किया और माता का आशीर्वाद लिया।
रोहिणी घावरी ने आगरमालवा जिले के नलखेड़ा में स्थित मां बगलामुखी के प्रसिद्ध शक्ति पीठ में विशेष हवन-अनुष्ठान कर माता का आशीर्वाद लिया। मंदिर में पूजा के बाद रोहानी ने मीडिया से चर्चा में अपने राजनीतिक इरादे भी साफ कर दिए। उन्होंने कहा कि वह चंद्रशेखर आजाद रावण के खिलाफ हस्तिनापुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगी। रोहानी घावरी ने बताया कि वह कोर्ट केस में जीत और न्याय मिलने के संकल्प के साथ मां बगलामुखी के दरबार पहुंची हैं। उन्होंने विशेष हवन-अनुष्ठान कर माता से आशीर्वाद मांगा हैं।
बता दें कि रोहिणी घावरी ने मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह से भी मुलाकात की थी। दिग्विजय सिंह से हुई मुलाकात के सवाल पर उन्होंने कहा कि वो राजनीति में अपनी शुरूआत करने जा रही हैं, इसलिए वो हर उन सफल और प्रभावशाली नेताओं से आशीर्वाद लेने के लिए गई थीं जिन्हें राजनीति का लंबा अनुभव है। रोहिणी घावरी ने दिग्विजय सिंह के साथ हुई मुलाकात को सामान्य शिष्टाचार भेंट बताया।
रोहिणी घावरी मध्यप्रदेश के इंदौर जिले की रहने वाली हैं, साल 2019 में उन्हें मध्यप्रदेश सरकार की तरफ से मिली स्कॉलरशिप के माध्यम से स्विटजरलैंड गई थीं और वहां अपनी डॉक्टरेट की पढ़ाई पूरी की। रोहिणी ने स्विटजरलैंड में दो साल तक नौकरी भी की। नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद पर रोहिणी घावरी ने शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक शोषण के साथ-साथ धोखा देने के गंभीर आरोप लगाए हैं और इसी के बाद वो सुर्खियों में आई थीं।