अगार मालवा

Agar Malwa News: ध्वजारोहण कार्यक्रम में विवाद, सरपंच के साथ मारपीट

Sarpanch Assault: सरपंच का आरोप- पुराने विवाद को लेकर दो लोगों ने की मारपीट, सिर में डंडा मारा जिससे खून निकल आया, पुलिस ने सरपंच की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच में लिया।
2 min read
agar malwa sarpanch assault
sarpanch assault flag hoisting dispute, पीड़ित सरपंच व मारपीट करने वाले आरोपी (Source- Patrika)

Agar Malwa Sarpanch Assault: स्वतंत्रता दिवस पर जहां पूरे देश में धूमधाम से तिरंगा फहराया गया और सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए, वहीं मध्यप्रदेश के आगर मालवा में ध्वजारोहण कार्यक्रम के दौरान विवाद और मारपीट हो गई। घटना जिले की उमरपुर ग्राम पंचायत की है जहां पुराने विवाद को लेकर दो लोगों ने सरपंच के साथ ध्वाजारोहण के वक्त विवाद किया और लाठी से मारपीट की। सरपंच ने मारपीट की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई है जिसके आधार पर पुलिस ने मामला जांच में ले लिया है। ध्वजारोहण कार्यक्रम के दौरान सरपंच के साथ हुई मारपीट की घटना से कुछ देर के लिए मौके पर हड़कंप मच गया और लोग डर गए।

सरपंच से मारपीट

पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए पीड़ित सरपंच ईश्वर प्रजापति ने बताया कि वो स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित ध्वजारोहण कार्यक्रम के लिए ग्राम पंचायत कार्यालय गए थे। इसी दौरान वहां पर पुराने विवाद को लेकर राधेश्याम यादव व उसके बेटे विशाल यादव से विवाद हो गया। आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौच करनी शुरु कर दी और फिर दोनों आरोपियों ने डंडे से मारपीट की। पीड़ित सरपंच के मुताबिक पहले विशाल यादव ने डंडे से पीटा और फिर राधेश्याम ने भी डंडे से मारपीट की है। मारपीट में उसके सिर, हाथ और पैर में चोटें आई हैं और सिर से खून भी बहा है।

सरपंच की शिकायत पर मामला दर्ज

मारपीट होता देख मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव किया और विवाद को शांत कराया। इसके बाद घायल सरपंच ईश्वर प्रजापति को लोग जिला अस्पताल लेकर पहुंचे जहां उनका इलाज हुआ और फिर पुलिस थाने पहुंचकर सरपंच ने आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने सरपंच की शिकायत पर राधेश्याम यादव व उसके बेटे विशाल यादव के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि घटना में लगाए गए आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच और मेडिकल रिपोर्ट के बाद की जाएगी।

Updated on:
15 Aug 2026 09:49 pm
Published on:
15 Aug 2026 09:49 pm