
Agar Malwa Lokayukta Raid: मध्यप्रदेश में दिवाली से पहले लोकायुक्त ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आगर मालवा जिले में रिश्वरखोर अधिकारी-कर्मचारी की जोड़ी को रंगेहाथों पकड़ा है। जिले के बड़ौद में महिला एवं बाल विकास विभाग में रिश्वतखोरी का ये मामला सामने आया है, यहां उज्जैन लोकायुक्त की टीम ने बड़ौद में परियोजना अधिकारी भगतसिंह चौहान और सुपरवाइजर जयश्री खींची को 30 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा है।
आगर मालवा जिले के बड़ौद के रहने वाले बहादुर लोहार ने 4 नवंबर को लोकायुक्त कार्यालय उज्जैन में शिकायत दर्ज कराई थी। अपनी शिकायत में उन्होंने बताया था कि उनकी पत्नी रामू की महिला एवं बाल विकास परियोजना में सहायिका पद की नियुक्ति हेतु परियोजना अधिकारी भगतसिंह चौहान एवं सुपरवाइजर जयश्री खींची के द्वारा 80000 रुपये रिश्वत की मांग की गई थी। बाद में बातचीत करने पर बात 60,000 रुपये रिश्वत देना तय हुआ था।
लोकायुक्त टीम ने शिकायत की जांच की और शिकायत सही पाए जाने पर गुरुवार (5 नवंबर) को शिकायतकर्ता बहादुर लोहार को रिश्वत की पहली किश्त के 30 हजार रुपये देने के लिए रिश्वतखोर परियोजना अधिकारी भगत सिंह चौहान के पास भेजा। जैसे ही परियोजना अधिकारी भगवत सिंह चौहान व सुपरवाइजर जयश्री खींची ने रिश्वत के रूपये लिए तो लोकायुक्त की टीम ने दोनों को रंगेहाथों पकड़ लिया।
ट्रैप कार्रवाई में डीएसपी दिनेशचंद पटेल, निरीक्षक हीना डावर, प्रधान आरक्षक हितेश ललावत, आरक्षक शिव कुमार शर्मा, आरक्षक संदीप राव कदम, आरक्षक विशाल रेशमिया, सहायक ग्रेड 3 रश्मि महेश्वरी, सहायक ग्रेड 3 सुनिता चौधरी, शामिल रहींl डीएसपी दिनेशचंद पटेल ने कार्यवाहीं की जानकारी देते हुए आम लोगों से अपील की है कि यदि कोई लोकसेवक अधिकारी, कर्मचारी किसी शासकीय कार्य को करने हेतु रिश्वत की मांग करता है, तो लोकायुक्त उज्जैन को शासकीय दूरभाष 0734-2512756 पर सम्पर्क कर सकता है।