
आगर मालवा . कपड़ों की दुकान में सामान खरीदने आई ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं ने दुकान के अंदर पहुंचते ही अपनी करतूत शुरू कर दी। दुकानदार उन्हें कपड़े दिखाने लगा, तभी साथ आई कुछ महिलाएं अपने हिसाब से यहां-वहां घूमकर कपड़े देखने लगीं और मौका पाते ही कुछ कपड़े चुरा लिए। दुकानदार को घटना के बारे में जैसे ही पता चला, उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। तुरंत पुलिस को सूचना दी और वहां लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, जिसमें उक्त महिलाएं कपड़े चुराते साफ नजर आ रही थीं।
व्यापारियों ने पकड़ा महिलाओं को
कपड़े की दुकानों पर कपड़े चोरी करती महिलाएं सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई। व्यापारियों ने महिलाओं को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द किया है। पुलिस ने मूर्तिबाई बागरी पति शिवराज, सोनीबाई बागरी पति घनश्याम, लीलाबाई बागरी पति प्रेमशंकर, सीमाबाई बागरी पति लादू निवासी दशहरा मैदान झालावाड़ राजस्थान को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी गए कपड़े बरामद किए, जिनकी कीमत 20 हजार आंकी गई है।
अन्य दुकानों पर भी किया होगा हाथ साफ
दुकानदारों ने कपड़े की दुकान में चोरी करने आई महिलाओं को पकड़ा। उनके पास से कीमती कपड़े भी बरामद हुए हैं। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। अन्य दुकानदारों ने कहा कि इन महिलाओं से कड़ी पूछताछ की जाए, ताकि ये अन्य दुकानों पर भी की गई चोरियों के बारे में खुलासा करें।
दिनभर रही चर्चा
कपड़े की दुकान में राजस्थान की महिलाओं द्वारा की गई चोरी की घटना की चर्चा दिनभर बाजार में होती रही। पुलिस भी इनसे अन्य चोरियों के बारे में पूछताछ कर रही है। हो सकता है, ये लोग गिरोह बनाकर इस तरह चोरियों को अंजाम दे रहे हों।
कार से ले जा रहे थे अवैध शराब, चढ़े पुलिस के हत्थे
आगर-मालवा. इन दिनों आगर में अवैध शराब का कारोबार जमकर फलफूल रहा है। पुलिस द्वारा निरंतर कार्रवाई किए जाने के बावजूद भी अवैध शराब की खरीद-फरोख्त पर रोक नहीं लग रही है। सांझ ढलते ही लग्झरी कार से अवैध शराब की खेप ढोने का काम चालू हो जाता है।
इस मामले में पुलिस को शिकायत मिलने पर जब तनोडिय़ा चेक पोस्ट प्रभारी बीएल अटेरिया, प्रआर अरविंद एवं सैनिक गिरधारी ने सोमवार रात को एक कार की जांच की गई तो उसमें से ९ पेटी देसी व विदेशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी जगदीश पिता गोवर्धन जायसवाल, कमल उर्फ कमलेश, राजेश पिता प्रभुलाल तीनों निवासी पालड़ा को गिरफ्तार करते हुए कार भी जब्त की है।