आगरा

‘भाई जिंदा रहता तो हम कभी साथ नहीं रह पाते’, बड़े भाई की हत्या के बाद पुलिस के सामने बोला हत्यारोपी

Agra Amit Murder Case: आगरा में नवविवाहित युवक अमित कुमार की हत्या का पुलिस ने 24 घंटे में खुलासा कर दिया। जांच में सामने आया कि युवक के छोटे भाई ने प्रेम संबंधों के चलते साजिश रचकर उसकी हत्या की।
3 min read
Jun 19, 2026
Agra amit murder case
अमित की फाइल फोटो।

'भाई के जिंदा रहते हुए हमारा एक साथ रहना मुमकिन नहीं था…जब उसने हमें देख लिया तो हमारे पास उसे रास्ते से हटाने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा था।" यह कबूलनामा उस छोटे भाई का है, जिसने अपनी ही भाभी के प्यार में अंधा होकर सगे बड़े भाई को तड़पा-तड़पा कर मौत के घाट उतार दिया। मामला आगरा के सदर थाना क्षेत्र के सुल्तानपुरा इलाके का है।

पुलिस ने खुलासा करते हुए बताया कि रेस्तरां कर्मी अमित उर्फ सोमू (22) की हत्या किसी दुश्मन ने नहीं, बल्कि उसके सगे छोटे भाई भोलू ने अपनी ही भाभी खुशी के साथ मिलकर रची थी। सख्ती से से पूछताछ में आरोपी भोलू ने हत्या की वारदात को कबूल कर लिया। भोलू ने बताया कि अमित उर्फ सोमू की शादी इसी साल 19 फरवरी को प्रेमनगर निवासी खुशी से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही खुशी और अमित के छोटे भाई भोलू के बीच नजदीकियां बढ़ने लगीं।

प्रेम संबंध का खुलासा होने पर रची साजिश

घटना से करीब तीन दिन पहले अमित ने अपनी पत्नी खुशी और मुझे घर में एक साथ देख लिया था। इसके बाद हम दोनों भाइयों के बीच विवाद हुआ और मामला मारपीट तक पहुंच गया। अपनी पोल खुल जाने के बाद मुझे और खुशी को लगने लगा था कि अमित के रहते हमारा साथ रहना संभव नहीं हो पाएगा। इसी दौरान भाभी खुशी ने अमित को रास्ते से हटाने की सलाह दी। इसके बाद हम दोनों ने अमित को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

खेत में ले जाकर वारदात को दिया अंजाम

पुलिस के अनुसार, बुधवार सुबह अमित उर्फ सोमू रोज की तरह काम पर जाने के लिए घर से निकला। इसी दौरान उसका छोटा भाई भोलू भी उसके पीछे-पीछे निकल पड़ा। रास्ते में सुल्तानपुरा क्षेत्र के पास एक खेत में अमित कुछ देर के लिए रुका, जहां पहले से घात लगाए भोलू ने उस पर हमला कर दिया।

पत्थर से हमला करने के बाद गला दबाकर हत्या

भोलू ने मौके पर पड़े एक भारी पत्थर से अमित के सिर और चेहरे पर कई वार किए। गंभीर रूप से घायल होने के बाद जब अमित जमीन पर गिर पड़ा तो आरोपी ने गमछे से उसका गला दबा दिया। पुलिस का कहना है कि वारदात को अंजाम देने के बाद भोलू ने शव को वहीं छोड़ दिया और मौके से फरार हो गया।

लाश के पास बैठकर बहाए आंसू

एक सुरक्षित स्थान पर जाकर अपने हाथ-मुंह धोए, खून से सने कपड़े बदले और वापस घर आ गया। जब सुबह खेत में अमित की रक्तरंजित लाश मिलने की खबर फैली तो भोलू भी भीड़ का हिस्सा बन गया। वह भाई की लाश के पास बैठकर फूट-फूटकर रोने का नाटक करने लगा ताकि किसी को शक न हो। उसने पुलिस को गुमराह करने के लिए कहानी रची कि अमित का उसके रेस्तरां के ही किसी सहकर्मी के साथ पुराना विवाद चल रहा था और उसी ने यह हत्या की है।

सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ में सामने आई साजिश

पुलिस ने जांच के दौरान घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में अमित के पीछे भोलू जाता हुआ दिखाई दिया। इसके अलावा कुछ अन्य साक्ष्यों और परिस्थितियों के आधार पर पुलिस का शक भोलू पर गहराया। अंतिम संस्कार के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।

सख्त पूछताछ में भोलू टूट गया और उसने रोते हुए गुनाह कबूल कर लिया कि भाई जिंदा रहता तो हम कभी साथ नहीं रह पाते इसलिए उसे मार डाला। उधर, जब पुलिस पूछताछ के लिए घर पहुंची तो पति की मौत के बाद भी भाभी खुशी के चेहरे पर कोई शिकन नहीं थी। पुलिस का शक गहराता देख खुशी ने डर के मारे आत्महत्या की कोशिश भी की, लेकिन पड़ोसियों ने उसे बचा लिया।

Updated on:
19 Jun 2026 01:07 pm
Published on:
19 Jun 2026 08:46 am