Agra news: नोएडा एसटीएफ और आगरा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 50 हजार का इनामी शूटर पवन बंसल उर्फ कल्लू मुठभेड़ में मारा गया। उस पर हत्या, लूट व पुलिस पर हमले सहित 18 मुकदमे दर्ज थे।
आगरा में देर रात नोएडा एसटीएफ और आगरा पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में 50 हजार रुपये का इनामी शूटर पवन बंसल उर्फ कल्लू मुठभेड़ में मारा गया। मुठभेड़ थाना एकता क्षेत्र में हुई, जहां पुलिस टीम पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई की गई। 35 वर्षीय पवन पर हत्या, लूट और पुलिस पर हमले सहित कुल 18 संगीन आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। पुलिस के अनुसार वह लंबे समय से वांछित था और उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था। मौके से हथियार और कारतूस बरामद किए गए।
शूटर ने की 20 राउंड फायरिंग -
एसटीएफ एएसपी राजकुमार मिश्रा ने बताया कि खुफिया सूचना के आधार पर एसटीएफ और आगरा पुलिस की टीम ने पवन और उसके एक साथी को घेर लिया। पुलिस ने दोनों से आत्मसमर्पण करने को कहा, लेकिन पवन ने जवाब में फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस और बदमाशों के बीच करीब 15 से 20 मिनट तक भीषण मुठभेड़ चली। मुठभेड़ के दौरान पवन ने करीब 20 राउंड फायरिंग की, जबकि एसटीएफ की ओर से आत्मरक्षा में पांच राउंड चलाए गए। इसी दौरान एक गोली पवन के सीने में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। पवन का साथी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में इलाके में सघन कॉम्बिंग की जा रही है।
डॉक्टर ने किया मृत घोषित -
एसटीएफ एएसपी राजकुमार मिश्रा ने बताया कि घायल पवन को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ में दो सिपाही भी घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, एसटीएफ के इंस्पेक्टर केशव की बुलेट प्रूफ जैकेट में गोली लगने से वह बाल-बाल बच गए। पुलिस ने मौके से सिपाही से लूटी गई 9 एमएम पिस्टल के अलावा एक अन्य ‘मेड इन इटली’ पिस्टल भी बरामद की है। पवन बंसल उर्फ कल्लू मूल रूप से गाजियाबाद जिले के लोनी थाना क्षेत्र के सिरौली गांव का निवासी था।