13 अप्रैल 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

BJP नेता महीपाल चौधरी का वीडियो वायरल, होटल में डांसर संग दिखे, वसूली मामले में केस दर्ज

आगरा में महिपाल चौधरी का एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें वह होटल के कमरे में नजर आ रहा है।

3 min read
Google source verification

आगरा

image

Anuj Singh

Apr 13, 2026

आगरा में BJP नेता का वायरल वीडियो

आगरा में BJP नेता का वायरल वीडियो

Mahipal Chaudhary Video Viral: आगरा में खुद को भाजपा से जुड़ा बताने वाले महीपाल चौधरी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वह एक होटल के कमरे में दिखाई दे रहा है, जहां दो महिलाएं डांस करती नजर आ रही हैं। कमरे में शराब की बोतल और गिलास भी रखे हुए दिख रहे हैं। हालांकि यह वीडियो कब का है, इसकी पुष्टि अभी तक नहीं हो पाई है। जानकारी के अनुसार, 6 अप्रैल को आगरा के थाना जगदीशपुरा क्षेत्र के एक होटल में महीपाल चौधरी काली स्कॉर्पियो से पहुंचा था। उसके साथ दो महिलाएं और कुछ अन्य लोग भी थे। होटल संचालक अनिल कुमार का आरोप है कि आते ही सभी ने खुद को अधिकारी बताया और स्टाफ को डराना-धमकाना शुरू कर दिया।

2 लाख रुपये की मांग का आरोप

होटल संचालक ने बताया कि आरोपियों ने होटल के रजिस्टर और आईडी चेक करने के बहाने कमरों की तलाशी ली। जब उनसे इस कार्रवाई का कारण पूछा गया, तो उन्होंने धमकी देते हुए 2 लाख रुपये की मांग की। उन्होंने कहा कि अगर पैसे नहीं दिए गए, तो वे होटल के खिलाफ कार्रवाई करवा देंगे और मीडिया में बदनाम कर देंगे। घटना के दौरान होटल संचालक ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस के आने से पहले ही सभी आरोपी वहां से फरार हो गए। इसके बाद 10 अप्रैल को पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

खुद को भाजपा से जुड़ा बताता है आरोपी

महीपाल चौधरी खुद को भाजपा का मीडिया प्रभारी बताता है। उसके सोशल मीडिया अकाउंट पर कई भाजपा नेताओं के साथ फोटो भी मौजूद हैं। बताया जा रहा है कि वह हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनसभा में भी मीडिया कर्मी बनकर पहुंचा था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि महीपाल अवैध निर्माण और नई बिल्डिंग्स पर नजर रखता था। इसके बाद वह वहां जाकर लोगों को डराता और पैसे वसूलता था। उसके खिलाफ पहले से ही चौथ वसूली, ब्लैकमेलिंग और जमीन कब्जाने जैसे कई आरोप हैं।

आगरा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने मीडिया से कहा कि महिपाल सिंह चौधरी पर भाजपा का कोई पद नहीं है और ना ही वह पार्टी का कार्यकर्ता है। अगर उसने खुद को भाजपा का मीडिया प्रभारी बताया है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

पहले ही हो चुका है गिरफ्तार

जिस दिन आगरा में उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई, उसी दिन हाथरस पुलिस ने उसे एक अन्य चौथ वसूली के मामले में गिरफ्तार कर लिया। अब आगरा पुलिस उसे बी वारंट पर लाने की तैयारी कर रही है। महीपाल चौधरी मूल रूप से हाथरस का रहने वाला है। फिलहाल वह आगरा के सिकंदरा इलाके में रह रहा था और एक होटल भी किराए पर लेकर चला रहा था। उस पर पहले भी कई गंभीर आरोप लग चुके हैं, जिनकी जांच जारी है।