आगरा

Agra News: मासूम बेटी को यमुना नदी में फेंकने वाले पिता को पुलिस ने 24 घंटे में किया गिरफ्तार, खुला चौंकाने वाला राज

Agra News: आगरा में 11 माह के मासूम बेटी को यमुना नदी में फेंकने वाले पिता को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ हत्या की धाराओं में केस दर्ज किया गया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। पुलिस का कहना है कि फिलहाल अभी प्राथमिकता मासूम की तलाश के लिए है। इसके लिए कई टीम में लगाई गई है।
2 min read
Aug 16, 2026
Agra
पकड़ा गया आरोपी साथ में पुलिस टीम फोटो सोर्स ANI

Agra News: आगरा में घरेलू कलह का एक ऐसा मामला सामने आया है। जिसने हर किसी को झकझोर दिया। पत्नी से विवाद के बाद एक पिता ने गुस्से में अपनी महज 11 महीने की मासूम बेटी को यमुना नदी में फेंक दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने आरोपी पिता रिंकू को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, मासूम की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगातार जुटी हुई हैं।

आगरा में एक मासूम बच्ची अपने माता-पिता के बीच चल रहे विवाद की भेंट चढ़ गई। सिकंदरा थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के दौरान रिंकू नाम के व्यक्ति ने अपनी 11 महीने की बेटी को यमुना नदी में फेंक दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने बच्ची को नदी में फेंकने की बात कबूल कर ली। पुलिस के मुताबिक, रिंकू और उसकी पत्नी के बीच पिछले काफी समय से घरेलू विवाद चल रहा था। दोनों करीब छह-सात महीने से अलग रह रहे थे। आरोपी को अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर कहासुनी होती रहती थी।

पुलिस पूरे घटनाक्रम की गहराई से कर रही जांच

बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन भी पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि रिंकू अपना आपा खो बैठा। गुस्से में उसने अपनी 11 महीने की बेटी को उठाया और यमुना नदी में फेंक दिया। मासूम के नदी में गिरते ही परिवार में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल बच्ची की तलाश शुरू कराई। नदी के आसपास तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस की कई टीमें मासूम को खोजने में जुटी हैं। परिवार के लोगों और आसपास मौजूद लोगों से भी घटना के संबंध में जानकारी ली जा रही है।

आरोपी पिता के खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज

डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि आरोपी रिंकू को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में धारा 302 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारी के अनुसार, अभी तक ऐसा कोई निर्णायक साक्ष्य सामने नहीं आया है जिससे यह कहा जा सके कि आरोपी ने अपनी पत्नी की हत्या की साजिश भी रची थी।

मासूम की तलाश में जुटी पुलिस अब तक नहीं चला पता

फिलहाल पुलिस की सबसे बड़ी प्राथमिकता 11 महीने की मासूम को तलाशना है। जिस उम्र में बच्ची को मां-बाप की गोद और सुरक्षा की जरूरत थी। उसी उम्र में वह अपने ही पिता के गुस्से का शिकार हो गई। घटना ने घरेलू विवाद के खतरनाक रूप पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Updated on:
16 Aug 2026 11:33 am
Published on:
16 Aug 2026 11:32 am