Agra News: सपा सांसद पर करणी सेना द्वारा अलीगढ़ में दूसरी बार हमले को लेकर आगरा में सपा आज शक्ति प्रदर्शन करने जा रही है। सपा के इस प्रदर्शन में हजारों की संख्या में सपा कार्यकर्ताओं के शामिल होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
Agra News: सपा से राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन के राणा सांगा पर दिए गए बयान का बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसको लेकर करणी सेना द्वारा दूसरी बार अलीगढ़ में हमला किया गया। इस हमले को लेकर समाजवादी पार्टी शक्ति प्रदर्शन करने जा रही है। एक हजार से अधिक कार्यकर्ता प्रदर्शन में शामिल होंगे। जिसकी वजह से एमजी रोड पर यातायात प्रभावित रहेगा।
सपा के राष्ट्रीय महासचिव राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन पर अलीगढ़ हमले के विरोध में बृहस्पतिवार यानी आज समाजवादी पार्टी सड़कों पर उतरेगी। कलेक्ट्रेट में शक्ति प्रदर्शन होगा। एक हजार से अधिक कार्यकर्ताओं के शामिल होने का अनुमान है।
आगरा के एमजी रोड पर सुभाष पार्क से कलेक्ट्रेट तक यातायात प्रभावित रहेगा। बृहस्पतिवार सुबह 10 बजे जिला व महानगर इकाई से कार्यकर्ता और पदाधिकारी सुभाष पार्क पर एकत्र होंगे। यहां से पैदल मार्च करते हुए जिलाधिकारी कार्यालय जाएंगे। जहां राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा जाएगा।
बुधवार को सपा सांसद रामजीलाल सुमन ने प्रदर्शन की तैयारियों के बारे में जिला व महानगर पदाधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने बताया कि सपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल के निर्देश पर बृहस्पतिवार को सपा प्रदेशव्यापी आंदोलन कर रही है। आगरा के अलावा अन्य जिलों में भी जिला मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण वर्मा निषाद, महानगर अध्यक्ष चौधरी वाजिद निसार, सांसद प्रतिनिधि धर्मेंद्र यादव, प्रदेश सचिव राजपाल यादव, सलीम शाह, सुरेंद्र चौधरी, गौरव यादव आदि मौजूद रहे।