
Akhilesh Yadav Agra Rally: अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए समाजवादी पार्टी आगरा में बड़ा दलित महासम्मेलन आयोजित कर रही है। रविवार को पंचकुइयां स्थित जीआईसी मैदान में होने वाले इस कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
सम्मेलन रविवार को जीआईसी मैदान में रखा गया है। अखिलेश यादव दोपहर 12:30 बजे से 2:30 बजे तक कार्यक्रम में रहेंगे। वे सैफई से आगरा पहुंचेंगे और करीब दो घंटे तक कार्यकर्ताओं तथा दलित समाज के लोगों से रूबरू होंगे। सपा महासचिव और राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन ने तैयारियों का जायजा लिया। पार्किंग, सफाई, मंच और टेंट व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया है। बाहर से आने वाले नेताओं और कार्यकर्ताओं के लिए हेल्पलाइन नंबर 8881888885 जारी किया गया है।
इस महासम्मेलन को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सपा का चुनावी शंखनाद माना जा रहा है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के करीब 30 जिलों से दलित समाज के लोग बड़ी संख्या में पहुंचने वाले हैं। पार्टी घर-घर जनसंपर्क और नुक्कड़ सभाओं के जरिए लोगों को आमंत्रित कर रही है। जय नगर, अलबतिया समेत कई क्षेत्रों में अभियान चलाया गया।
सपा का मुख्य लक्ष्य बसपा के पारंपरिक दलित वोट बैंक में सेंध लगाना और पीडीए (पिछड़ा-दलित-अल्पसंख्यक) एकता को मजबूत करना है। रामजीलाल सुमन ने दावा किया कि लोकसभा चुनाव 2024 में बसपा का दलित वोट बैंक घटकर करीब नौ प्रतिशत रह गया और उसका बड़ा हिस्सा सपा की ओर शिफ्ट हुआ। पार्टी सभी वर्गों के हितों की बात कर रही है।
आगरा को दलितों की राजधानी कहा जाता है। डॉ. भीमराव अंबेडकर कई बार यहां आए थे। रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आरपीआई) का प्रभाव पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मजबूत था। 1962 में आगरा की सामान्य सीटों से भी दलित नेता विधानसभा पहुंचे थे। उसी ऐतिहासिक पृष्ठभूमि को देखते हुए सपा ने आगरा को सम्मेलन के लिए चुना है।
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता रामजी लाल सुमन ने दलित समाज के मुद्दों को उठाते हुए कहा कि एनसीईआरटी के आंकड़ों के अनुसार दलितों पर अत्याचार की घटनाएं चिंताजनक हैं। बाबा साहब की मूर्तियां तोड़ी जा रही हैं, गौतम बुद्ध की प्रतिमाओं को नुकसान पहुंचाया जा रहा है और दलित बारातों को रोका जा रहा है। उन्होंने सामंतवादी विचारधारा पर आरोप लगाया कि वह नफरत और विभाजन को बढ़ावा दे रही है।
रामजीलाल सुमन ने कहा कि भाजपा ने धर्म की राजनीति जितनी करनी थी, कर ली। अब सीमा पार हो चुकी है। आगामी चुनाव रोजी-रोटी, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं पर लड़ा जाएगा। जनता जाति और धर्म के बंधनों से ऊपर उठकर भाजपा सरकार के खिलाफ वोट करेगी। सपा ही भाजपा को हराने में सक्षम है।
चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी के गठजोड़ को सुमन ने फ्लॉप फिल्म करार दिया। उन्होंने दोनों पर भाजपा की बी-टीम होने का आरोप लगाया और कहा कि दलित व मुस्लिम समाज सपा के साथ ही खड़ा रहेगा। चंद्रशेखर अभी इतने बड़े नेता नहीं कि दलित वोट साध सकें।